
जबलपुर (जयलोक)। जनपद पंचायत जबलपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगी के रोजगार सहायक गौरव यादव की सेवा लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं अनियमितता के कारण समाप्त कर दी गई है। ग्राम के सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों की शिकायत थी कि गौरव यादव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपात्र हितग्राहियों को पात्र दर्शाकर लाभ दिलाया गया, जबकि वास्तविक पात्र हितग्राही वंचित रह गए। कुछ मामलों में बिना मकान बने ही दूसरी और तीसरी किस्त की राशि भी जारी कर दी गई। इसके अलावा मनरेगा की राशि लाभार्थियों तक न पहुँचाने तथा ग्राम सभाओं एवं बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने के भी आरोप लगे। इस संबंध में 28 अगस्त को ग्राम सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने जनपद एवं जिला पंचायत में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जाँच के बाद कार्यालय से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन गौरव यादव ने न तो नोटिस का जवाब दिया और न ही कार्यालय में उपस्थित हुए।

इनका कहना है
वरिष्ठ अधिकारियों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता को गंभीर मानते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जबलपुर ने 19 सितंबर को गौरव यादव की सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया।
विनोद पांडेय, जनपद पंचायत जबलपुर
मुख्य कार्यपालन अधिकारी






