Download Our App

Home » Uncategorized » बस-टैंकर की भीषण टक्कर, उमराह के लिए गए 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत की आशंका

बस-टैंकर की भीषण टक्कर, उमराह के लिए गए 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत की आशंका

नई दिल्ली। सऊदी अरब में एक भीषण सडक़ हादसे में 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत की आशंका है। यह हादसा उस समय हुआ, जब उमराह के लिए गए लोगों को लेकर जा रही बस एक तेल के टैंकर से टकरा गई। सऊदी अरब के मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा मदीना के नजदीक हुआ और माना जा रहा है कि हादसे में मरने वाले भारतीय उमराह यात्री हैं, जिनमें से कई हैदराबाद के निवासी हैं।
डीजल टैंकर से टकराई बस
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट्स के अनुसार, उमराह गए लोगों को लेकर बस मक्का से मदीना जा रही थी, जब वह रास्ते में डीजल टैंकर से टकरा गई। हादसा स्थानीय समय अनुसार, सुबह करीब 1.30 बजे मुहरास या मुफरिआत इलाके में हुआ, जो मदीना से करीब 160 किलोमीटर दूर है। हादसे के समय कई यात्री सो रहे थे। टक्कर लगते ही बस आग की लपटों में घिर गई और लोगों को बचने का भी समय नहीं मिला। हादसा इतना भयानक था कि मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल है। हादसे में कम से कम 42 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें हैदराबाद के कई यात्रियों के होने की आशंका है। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सऊदी अरब हादसे पर दुख जताया। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुए हादसे से बेहद दुखी हूं। पीडि़त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं हादसे में घायल लोगों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दाह का महावाणिज्य दूतावास हरसंभव मदद मुहैया करा रहे हैं। हमारे अधिकारी भी सऊदी अरब सरकार के अधिकारियों के संपर्क में हैं।
तेलंगाना सरकार ने जारी किया बयान
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान में सऊदी अरब में हुए सडक़ हादसे पर दुख जताया गया है और कहा कि सीएम ने तुरंत मुख्य सचिव और डीजीपी को हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ये भी जानकारी मांगी है कि हादसे में कथित तौर पर मरने वाले कितने लोग हैदराबाद के निवासी थे। मुख्यमंत्री ने सरकार के शीर्ष अधिकारियों को विदेश मंत्रालय से संपर्क करने और सऊदी अरब दूतावास से जानकारी लेने का सुझाव दिया है। मुख्य सचिव के निर्देश पर अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि सऊदी अरब में हादसे का शिकार हुए कितने लोग तेलंगाना के थे और सचिवालय में एक कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए गए है।
ओवैसी ने ट्रैवल एजेंसियों और दूतावास से मांगी जानकारी
हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी सऊदी अरब में हुए सडक़ हादसे पर दुख जताया। ओवैसी ने कहा कि उन्होंने हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क किया है और उनसे सऊदी अरब गए हैदराबाद के लोगों की जानकारी मांगी है। साथ ही रियाद दूतावास से भी संपर्क किया है। ओवैसी ने कहा कि उन्होंने रियाद में स्थित भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबु मैथ्यू जॉर्ज से भी बातचीत की है, जिन्होंने बताया कि वे हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द ही उन्हें इस बारे में अपडेट करेंगे।

 

 

शंकराचार्य स्वामी सदानंद जी कल करायेंगे  दुर्गा मंदिर के जीर्णोद्धार का शुभारंभ

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » बस-टैंकर की भीषण टक्कर, उमराह के लिए गए 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत की आशंका

Top Headlines

Live Cricket