
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह में रुक जाना नहीं योजना के तहत जबेरा तहसील के पौंडी गांव से कक्षा दसवीं की परीक्षा देने के लिए बहन को परीक्षा केंद्र छोडऩे जा रहे चचेरे भाई की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि उनकी बाइक को अभाना के पास किस वाहन ने टक्कर मारी है। हादसे के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां सिर्फ भाई-बहन ही थे। बहन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जबेरा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों से 70 से 80 किलोमीटर की दूरी तय कर बच्चे परीक्षा देने दमोह पहुंच रहे हैं। मंगलवार सुबह यह हादसा हुआ। मंत्री धर्मेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र में एक भी परीक्षा केंद्र नहीं होने से बच्चों को परेशानी हो रही है। भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी राहुल सिंह के गृह नगर हिंडोरिया में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि परीक्षा में जबेरा विधानसभा के साथ भेदभाव होता रहा है। स्थानीय नेता और राज्य मंत्री कुछ नहीं कर पाए। नोहटा थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर जब पुलिस और 108 पहुंची, उस समय केवल घायल युवक और उसकी बहन थी। टक्कर कैसे लगी इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। मौजूद लोगो से भी पूछताछ की गई है। मृतक युवक और घायल छात्रा को जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां छात्रा का उपचार चल रहा है। पुलिस वाहन की खोजबीन में लगी हुई है।

Author: Jai Lok







