
आरपीएफ थाने के सामने से ले गया युवक
जबलपुर (जयलोक)। शहर से मथुरा गई एक महिला की बच्ची स्टेशन से चोरी हो गई। देर रात हुई इस घटना के बाद मथुरा जीआरपी ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में खास बात यह है कि एक साल की बच्ची मथुरा में आरपीएफ थाना के सामने सो रही थी लेकिन चोर ने इतनी सफाई से अपना काम किया कि आरपीएफ को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि बच्ची की माँ ने आरोपी का पीछा किया लेकिन तब तक वह ट्रेन में चढक़र भाग चुका था।
घटना शुक्रवार-शनिवार की रात 2 बजे की बताई जा रही है। जब जबलपुर में रहने वाली महिला पूजा मथुरा स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर दो में अपनी दो बच्चियों एक वर्षीय सरस्वती और आठ वर्षीय गौरा के साथ सो रही थी। रात दो बजे पूजा बाथरूम के लिए उठी। जब बाथरूम से वापस लौटी तो देखा कि एक युवक उसकी एक साल की बेटी सरस्वती को लेकर जा रहा था। महिला ने दौडक़र उसका पीछा किया और मदद के लिए आवाज भी लगाई। लेकिन जब तक महिला आरोपी के पास पहुँचती तब तक आरोपी बच्ची को लेकर चलती संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ चुका था। रोती-बिलखती मां रेलवे पुलिस के पास पहुंची। पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। जिसमें एक व्यक्ति बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया।

3 टीमें कर रही राजस्थान और एमपी तक तलाश
शिकायत के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस की 3 टीमें बच्ची की तलाश में राजस्थान और मध्य प्रदेश तक खाक छान रही हैं। स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। थाना प्रभारी यादराम ने बताया जल्द आरोपी का पता लगाया जाएगा। संभावित जगह टीम रवाना कर दी गई है।

सीसीटीवी में कैद आरोपी
घटना के बाद पूजा अपनी बड़ी बेटी को साथ लेकर रेलवे पुलिस के पास पहुंची और पूरी जानकारी दी। पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें आरोपी बच्ची को गोद में उठाए हुए साफ दिखाई दे रहा है।

Author: Jai Lok







