
प्रयागराज। प्रयागराज में चल रहे पावन माघ मेले के शिविरों में अचानक लगी भीषण आग ने श्रद्धालुओं और कल्पवासियों के बीच दहशत पैदा कर दी है. संगम किनारे बसे इस अस्थायी शहर में आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 15 टेंट और 20 दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने शिविरों में आराम कर रहे थे, लेकिन लपटों को देख सभी अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. गनीमत रही कि इस अग्निकांड में अभी तक किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर बर्बाद हो गया है.
अग्निकांड के बाद मची अफरा-तफरी- आग लगने की यह घटना माघ मेले के सेक्टर क्षेत्र में हुई, जहाँ अचानक धुआं और ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग चिल्लाने लगे. तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास के टेंटों को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही मौके पर मेला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ां पहुँचीं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. कल्पवासियों ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि उन्हें अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।





