Download Our App

Home » News » मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या

मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या

आधी रात घर से बाहर बुलाकर मारी गोली, भानतलैया क्षेत्र की घटना

जबलपुर (जयलोक)। कल जब पूरा शहर भगवान कृष्ण जन्मोत्सव के धार्मिक आयोजन में व्यस्त था तभी हनुमानताल थाना क्षेत्र में देर रात दनादन गोलियां चली। यहां एक मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में पुलिस का पहरा लगा हुआ है। विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।  मामला सिंधी कैंप भानतलैया मथुरा सेठ का बाड़ा के इलाके का है यहां मूर्तिकार बब्बा उर्फ  मनोज सोनकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात एक बजे की बताई जा रही है जब मूर्तिकार मनोज अपने काम मेंं व्यस्त थे तभी मोटर साइकिल पर दो से तीन हमलवार आए और पीछे से गोली मार दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मनोज सोनकर मूर्ति निर्माण के काम से जुड़े थे और गणेश पर्व को लेकर तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी बीच उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। गोली लगने के बाद घायल बब्बा उर्फ  मनोज सोनकर को हनुमानताल थाने ले जाया गया, जहां से उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अज्ञात आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम
शुरुआती जानकारी में अज्ञात आरोपियों द्वारा गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाँच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कितने थे, किस दिशा से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

परिजनों ने पुरानी रंजिश का लगाया अंदेशा
मृतक के परिजनों के मुताबिक मनोज सोनकर की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश वजह हो सकती है। पुलिस भी पुराने विवाद और आपसी दुश्मनी के एंगल को जांच में शामिल कर रही है। हालांकि इस हत्याकांड में किसी व्यक्ति की भूमिका की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

6 साल पुरानी खूनी रंजिश की आशंका
पुलिस के मुताबिक मराठा और सोनकर परिवार के बीच करीब 6 वर्षों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी पुराने विवाद को वर्तमान हत्याकांड की जांच में महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है। पुलिस पुराने विवादों और उनसे जुड़े मामलों की जानकारी जुटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं मौजूदा वारदात उसी रंजिश का परिणाम तो नहीं है।

विकास मराठा का अपराधिक रिकार्ड
पुलिस सूत्रों के अनुसार विकास मराठा का नाम हनुमानताल थाना क्षेत्र के पुराने आपराधिक मामलों में रहा है। उसके खिलाफ  कई प्रकरण दर्ज हैं और उसकी गुंडा फाइल खुलने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि कल हुए मनोज सोनकर हत्याकांड में विकास मराठा की भूमिका के संबंध में पुलिस की ओर से कोई अंतिम पुष्टि सामने नहीं आई है। थाना प्रभारी का कहना है मराठा परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

2021 का विकास मराठा हत्याकांड भी जांच के दायरे में
इस हत्याकांड के मामले के विवाद की कड़ी अगस्त 2021 के विकास मराठा हत्याकांड से जुड़े होने की आशंका जाहिर की जा रही है। बताया जाता है कि दमोहनाका चौक, हनुमानताल थाना क्षेत्र के पास, बाबू भाई होटल के सामने विकास मराठा की हत्या हुई थी। जानकारी के अनुसार छोटू उर्फ  आनंद सोनकर और मट्टू उर्फ  अनिकेत सोनकर के साथ उसकी पुरानी दुश्मनी बताई गई थी।
आनंद सोनकर और मट्टू उर्फ  अनिकेत सोनकर पर विकास मराठा को घेरकर चाकू से हमला करने का आरोप लगा था। जिससे विकास की मौत हो गई थी। इस पुराने मामले की पूरी भूमिका और उसका वर्तमान हत्याकांड से संबंध पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

कोमल सोनकर हत्याकांड के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक करीब तीन वर्ष पूर्व हुए कोमल सोनकर हत्याकांड के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और गहरा गया था। सूत्रों के अनुसार कोमल की हत्या के बाद बदले की भावना से बिट्टू की हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। इस मामले में शुभम मराठा का नाम भी सामने आने की जानकारी दी जा रही है। इन पुराने मामलों की कडिय़ों को अब पुलिस मौजूदा घटना की जांच में भी खंगाल रही है।

पूर्व में भी हुए विवाद
मराठा और सोनकर परिवार के बीच विवाद वर्षों पुराना नाता है। 2015 में दोनों पक्षों के बीच फायरिंग, तलवारबाजी और पथराव जैसी घटनाएं होने की जानकारी सामने आई है। 14 मार्च 2019 को भी दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस ने हत्या का मामला  दर्ज कर शुरू की तलाश
पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का लक्ष्य है कि वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आए और दोषियों के खिलाफ  कानून के अनुसार कार्रवाई हो।

सीसीटीवी फुटेज की हो रही जाँच
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जाँच कर रही है। अब तक की जाँच में पुलिस के पास हत्यारों के संबंध में कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से यह जानने का प्रयास कर रही है कि हत्यारे किस ओर भागे हैं। वहीं हत्यारों की संख्या भी सीसीटीवी फुटेज से पता चल सकेगी।

किसी ने नहीं देखा हत्यारों को
पुलिस ने मृतक और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की लेकिन सभी ने यही बताया कि किसी ने भी हत्यारों को नहीं देखा है। ऐसे में पुलिस के सामने हत्यारों को पकडऩा चुनौती बन गया है। पुलिस मराठा परिवार के लोगों से भी पूछताछ कर रही है लेकिन उनसे हत्यारों के संबंध में कोई जवाब नहीं मिल सका।

पीएम मोदी ने पूछा- पब्लिक से कैसे बात करूं, शिक्षकों ने कहा- कॉन्फिडेंस के साथ

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या
error: Content is protected !!