
भोपाल (जयलोक)। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने 7,500 पुलिस आरक्षकों (जीडी) की सीधी भर्ती के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा को स्थगित कर दिया है। मंडल ने 22 नवंबर को इस परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। परीक्षा के लिए पूर्व में 19 नवंबर की तारीख घोषित की गई थी, लेकिन नियत तिथि पर परीक्षा की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी थी। ऐसे में परीक्षा देने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी लगातार असमंजस की स्थिति में बने हुए थे। मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई निश्चित तिथि और विस्तृत समय-सारणी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भी नई परीक्षा तिथि की घोषणा के साथ ही वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
पदों का ब्योरा और आवेदन प्रक्रिया
मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षकों के कुल 7,500 पदों को भरने के लिए कर्मचारी चयन मंडल ने पहले विज्ञापन और नियमपुस्तिका जारी की थी। इन कुल स्वीकृत पदों में से 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल को छोडक़र) के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 700 पद विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इस भर्ती अभियान के तहत ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम समय-सीमा पूर्व में 29 सितंबर तक निर्धारित थी। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडल ने आवेदन की अवधि को एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ाया था, जिसके बाद उम्मीदवार छह अक्तूबर तक अपना फॉर्म भर सके थे।
उच्च शिक्षित अभ्यर्थियों के आवेदन
इस भर्ती प्रक्रिया के आंकड़ों ने प्रदेश में बेरोजगारी की स्थिति की एक गंभीर तस्वीर भी उजागर की है। आरक्षक पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित होने के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं ने आवेदन जमा किए हैं। कर्मचारी चयन मंडल के आंकड़ों के अनुसार भर्ती के लिए कुल 9.76 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके अलावा 3,131 डिप्लोमा इंजीनियर, 3,922 अन्य डिप्लोमा उत्तीर्ण, 8,252 आईटीआई पास, 4,38,753 हायर सेकेंडरी, 93,736 हाईस्कूल और 1,011 आठवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने भी अपना फॉर्म भरा है।

सरकारी ठेकों में कम बोली पर शिकंजा 30 फीसदी से अधिक छूट पर होगी जाँच




