
जबलपुर (जयलोक)। रक्षाबंधन पर बालिकाओं की सुरक्षा का संकल्प लेने वाली जबलपुर पुलिस ने उस वचन को एक बार फिर कर्म से साबित किया है। थाना मदनमहल अंतगज़्त चौकी बस स्टैंड पुलिस ने स्कूल से लापता हुई 11 वषीज़्य बालिका खुशी दाहिया को महज 6 घंटे के भीतर सुरक्षित तलाश कर राजकुमारी बाई बाल निकेतन की अधीक्षिका के सुपुर्द कर दिया।

राजकुमारी बाई बाल निकेतन की अधीक्षिका अभिलाषा वर्मा ने सोमवार शाम थाना मदनमहल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाल निकेतन में रहकर एमएलबी स्कूल, राइट टाउन में पढऩे वाली खुशी दाहिया दोपहर करीब 3 बजे से स्कूल से गायब है। बालिका की तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 250/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निदेर्शों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चौकी बस स्टैंड प्रभारी एसआई जगन्नाथ यादव तत्काल अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए। बालिका के फोटो, हुलिए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस स्टैंड, राइट टाउन, नेपियर टाउन, मदनमहल रेलवे स्टेशन, मुख्य रेलवे स्टेशन, ग्वारीघाट सहित अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया गया।


तलाशी अभियान में चौकी प्रभारी यादव के साथ प्रधान आरक्षक दीपक बकोडे और आरक्षक लक्ष्मीनारायण गोल्हानी ने लगातार सक्रियता दिखाते हुए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। टीम की सतर्कता और त्वरित समन्वय से खुशी को शाम 9:40 बजे सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे बाल निकेतन की अधीक्षिका अभिलाषा वर्मा को सुपुर्द कर दिया गया। बालिका की सकुशल वापसी ने बाल निकेतन परिवार की चिंता को राहत में बदल दिया।
Author: Jai Lok






