
जबलपुर (जयलोक)। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में 21 जून को आयोजित होने वाले 36वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। आयोजन के लिए अब एक सप्ताह का समय शेष बचा है। राष्ट्रपति अपने नगर प्रवास के दौरान रादुविवि के दीक्षांत समारोह के अलावा सामुहिक योग दिवस पर गैरीसन ग्राउंड में आयोजित सामुहिक योग अभ्यास में भी शामिल होंगी। सुरक्षा और प्रोटोकाल की दृष्टि से जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं। जमीन से आसमान तक सुरक्षा की फील्डिंग की जा रही है, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनेां समारोह में मुख्य अतिथि रहेंगी। उनके आगमन को लेकर तैयारियाँ जोरशोर से चल रही हैं। आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इसी सिलसिले में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया है। गौरतलब है कि लगभग दो दशक बाद विश्वविद्यालय परिसर में किसी राष्ट्रपति का आगमन होने जा रहा है। इसे देखते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल से लेकर कार्यक्रम संचालन तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुलसचिव प्रो. रविशंकर सोनवाल के अनुसार निर्धारित समय में सभी तैयारियाँ पूरी करने के लिए विश्वविद्यालय में अवकाश के दिनों में भी काम जारी रहेगा।
बैठक व्यवस्था बड़ी चुनौती- दीक्षांत समारोह के लिए निर्धारित मुख्य सभागार में लगभग 486 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं इस वर्ष 250 से अधिक विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं प्रमुख उपाधियां प्रदान की जाने वाली हैं। इनके अलावा जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभागार में प्रवेश और बैठने की अंतिम योजना तैयार की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ जिला एवं पुलिस प्रशासन लगातार बैठकें कर रहे हैं। सभागार के भीतर प्रवेश पाने वाले लोगों की अंतिम सूची राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली तथा लोक भवन, भोपाल से प्राप्त दिशा-निदेर्शों के आधार पर तय की जाएगी।

लाइव प्रसारण की व्यवस्था
उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके परिजन भी बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होने पहुंचेंगे। मुख्य सभागार में सीमित स्थान होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत मुख्य आयोजन स्थल के अलावा डीआईसी तथा विश्वविद्यालय के एक अन्य बड़े हॉल में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। यहां बैठकर आमंत्रित अतिथि और परिजन पूरे समारोह का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे कार्यक्रम की गरिमा भी बनी रहेगी और अधिकाधिक लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बन सकेंगे।

अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे विभाग
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को गति देने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। आगामी दिनों में शनिवार और रविवार सहित शासकीय अवकाश के दौरान भी प्रशासनिक भवन तथा विभिन्न शिक्षण विभाग खुले रहेंगे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियत समय पर उपस्थित रहने और निर्धारित कार्य पूर्ण होने तक परिसर में बने रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी विशेष परिस्थिति में ही कुलगुरु की अनुमति से अवकाश दिया जाएगा।


Author: Jai Lok






