
मामूली वेतन पाने वाले प्रबंधक के पास मिली करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति
इंदौर/भोपाल (जयलोक)। इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। शुरुआती जांच में उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के मुताबिक, करीब 20 साल की नौकरी में ठाकुर को 65 लाख रुपए वेतन मिला। इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति अर्जित की और खर्च किए। यह उनकी वैध आय से 271.46 फीसदी ज्यादा है। लोकायुक्त ने ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत केस दर्ज किया है। तीन टीमें सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर सर्च कर रही हैं। संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य सामान का सत्यापन और मूल्यांकन किया जा रहा है।
दो मंजिला मकान पर 97 लाख रुपए खर्च- जांच में सामने आया कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, नालछा में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा। इस पर 2400 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया। भूखंड की खरीद और मकान निर्माण पर 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक और भवन खरीदा गया है। इसका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हो रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए है।
पत्नी के नाम पर भी खरीदी कृषि जमीन- जांच में ठाकुर की पत्नी कविता के नाम पर भी कृषि भूमि खरीदी गई है। ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपए में खरीदी गई। वहीं, ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर जमीन की खरीद पर 42 लाख रुपए खर्च हुए।
जेसीबी, ट्रैक्टर, कार और बुलेट भी मिली- लोकायुक्त के मुताबिक, ठाकुर के पास जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा ञ्जङ्क, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि यंत्र-संयंत्र मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत 53 लाख रुपए है। ठाकुर से जुड़े एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी मिली है।

परिवार पर बदमाशों ने किया चाकू से हमला, पिता, पुत्री सहित दो बेटे घायल, आरोपी फरार




