
जबलपुर (जयलोक)। बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्याओं से परेशान लोगों को राहत देने के लिए विधायक अभिलाष पांडे आगे आए और अपनी विधानसभा क्षेत्र की बिजली समस्याओं से अवगत कराने के लिए बिजली अधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश दिए। यह निरीक्षण जवाहरगंज वार्ड अंतर्गत नरघईया क्षेत्र में किया गया।

जहां रहवासियों और व्यापारियों को बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या से परेशानी हो रही थी। निरीक्षण के दौरान मंगलवार को नरघईया क्षेत्र में आवश्यक सुधार कार्य किए गए, जिनमें लटक रहे विद्युत तारों को व्यवस्थित कर ऊपर बांधा गया, अनुपयोगी तारों को हटाया गया तथा वोल्टेज संबंधी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया गया। साथ ही ट्रांसफार्मर में एल्युमीनियम वायर के स्थान पर कॉपर वायर का उपयोग किया गया, जिससे अधिक गर्मी के कारण वायर पिघलने अथवा तकनीकी बाधाएं उत्पन्न होने की संभावना कम होगी। बिजली अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान कहा कि गर्मी के मौसम में पंखे, कूलर एवं एसी का उपयोग बढऩे के कारण विद्युत भार भी अधिक बढ़ जाता है, जिससे ऐसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

फिर भी संबंधित विभाग द्वारा स्थिति सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


Author: Jai Lok






