
कलेक्टर के निर्देश पर सातों दिन के लिए गठित किए गए अलग अलग दल
जबलपुर (जयलोक)। त्योहारों के मौके पर दूषित खाद्य पदार्थों की शिकायतें मिलने के साथ ही आएदिन कहीं ना कहीं यवसायिक इकाइयों द्वारा नियमों का पालन ना करने की शिकातयें सामने आती रहती हैं। इसी कमी को दूर करने के लिए कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जिले में संचालित व्यवसायिक इकाइयों की जाँच करने के लिए टीम तैनात की है। जिसमें अब प्रतिदिन दुकानों में पहुँचकर टीम जाँच करेगी। यह कार्रवाही सप्ताह में सातों दिन जारी रहेगी। यह जाँच दल शहर के होटलों, रेस्टारेंट, निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, मेडिकल स्टोर्स, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों, शैक्षणिक संस्थानों, राशन दुकानों एव औद्योगिक इकाइयों की जाँच करेंगे।
जिले में संचालित व्यवसायिक इकाइयों द्वारा नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं इसकी जाँच के लिए जांच दलों में स्वास्थ्य, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण मंडल, विद्युत, शिक्षा, उद्योग, नापतौल, कोषालय, आबकारी, खनिज और श्रम विभाग के अधिकारी शामिल किया है।

इनको मिली जिम्मेदारी
टीम में एसडीएम अनुराग सिंह को सोमवार, एडीएम पंकज मिश्रा को मंगलवार, एसडीएम ऋषभ जैन को बुधवार, एसडीएम अभिषेक सिहं को गुरूवार, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके को शुक्रवार, एसडीएम कुलदीप पराशन को शुक्रवार, एसडीएम मानवेन्द्र को शनिवार को जाँच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं सीएसपी एमडी नागोतिया को सोमवार, सीएसपी श्रीमती राजेश्वरी कौरव को मंगलवार, सीएसपी सतीष साहू को बुधवार, सीएसपी सोनू कुर्मी को गुरूवार, सीएसपी पारूल शर्मा को शुक्रवार, सीएसपी मधुर पटेरिया को शुक्रवार, एसडीओपी लोकेश डाबर को शनिवार और सीएसपी आशीष जैन को रविवार को जाँच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अधिकारियों को जिले की समस्त व्यावसायिक इकाइयों में जाकर नियामक नियमों के पालन की जांच करनी होगी।





