
तेल बचाने दिया संदेश, प्रधानमंत्री की अपील पर हाईकोर्ट जज की सराहनीय पहल
जबलपुर (जय लोक)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फ्यूल की खपत कम करने की अपील का बड़ा असर आज शहर में देखने को मिला, जहां हाई कोर्ट के जस्टिस द्वारकाधीश बंसल साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे। जस्टिस डीडी बंसल ने साइकिल चलाते हुए पेट्रोल और डीजल की बचत का संदेश दिया। आज जस्टिस बंसल को साइकिल से कोर्ट आता देख कोर्ट में तैनात कर्मचारी हैरत में पड़ गए। जहां सभी जस्टिस के इस निर्णय की सराहना कर रहे हैं तो वहीं आम लोग भी पर्यावरण संरक्षण और तेल बचाने आगे आने की बात कह रहे हैं।

शहर की भीड़भाड़ वाली सडक़ों पर जस्टिस तीन किलोमीटर तक साइकिल चलाते नजर आए। डीडी बंसल ने सिविल लाइंस के पचपेढ़ी स्थित सरकारी आवास से एमपी हाई कोर्ट तक साइकिलिंग की। इस बीच प्रधानमंत्री की अपील का हवाला देते हुए जस्टिस डीडी बंसल ने भी आम नागरिकों से तेल की बचत करने का आग्रह किया। कोर्ट के कर्मचारी ने भी बैग, टिफिन और अन्य जरूरी सामान लेकर जस्टिस बंसल के साथ साइकिल चलाई। डीडी बंसल ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा की प्रेरणा से साइकिल चलाने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, सबको साइकिल चलाकर तेल की बचत करनी चाहिए। हाई कोर्ट जज होकर साइकिल से नहीं जा सकते ऐसा सोचना गलत है।

पीएम मोदी की अपील
पीएम नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद से पूरे देश की जनता से अपील की है कि फ्यूल की बचत करें और संयम बरतें। उन्होंने लोगों से कहा है कि पेट्रोल और डीजल कम इस्तेमाल करें। जहां संभव हो, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। जरूरत हो तो इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग करें, ताकि देश की ऊर्जा खपत कम की जा सके और विदेशी मुद्रा पर पड़ रहा दबाव कम हो।
मोदी सरकार ने यह भी साफ कहा है कि देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन वैश्विक तेल कीमतों और वेस्ट एशिया संकट के चलते ऊर्जा बचत एक समझदारी भरा कदम है।


पेट्रोल-डीजल बचाये, सोना न खरीदें मोदी के बयान से व्यापारियों की बढ़ी चिंता
Author: Jai Lok






