
मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर महाराष्ट्र में विवाद बढ़ता जा रहा है। वीर सावरकर पर की गई टिप्पणियों को लेकर शिवसेना ने विरोध जताया और किताब की पन्ने फाड़े। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय निरुपम और राष्ट्रीय सचिव शाइना एनसी ने मुंबई में बयान जारी कर किताब के कुछ हिस्सों पर आपत्ति जताई। शिवसेना नेताओं ने प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से किताब के पेज नंबर 201 और 443 हटाने की मांग की है।
संजय निरुपम बोले- बालासाहेब ठाकरे सावरकर का सम्मान करते थे
शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कहा कि वीर सावरकर को लेकर पहले भी बड़ा राजनीतिक विवाद हुआ था। उनके मुताबिक, उस समय संसद में विरोध हुआ था और इसका असर मुंबई तक पहुंचा था। निरुपम ने बालासाहेब ठाकरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके मन में सावरकर के प्रति बहुत सम्मान था। उन्होंने दावा किया कि शिवाजी पार्क में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान बालासाहेब ठाकरे ने मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारी थी। निरुपम ने सवाल उठाया कि आज जो लोग खुद को बालासाहेब ठाकरे की विरासत का उत्तराधिकारी बताते हैं, वे इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा कि किताब के पेज 201 पर सावरकर के बारे में अपमानजनक बातें लिखी गई हैं।
निरुपम ने सावरकर के जेल जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 11 साल तक जेल में यातनाएं झेलीं। शिवसेना इस किताब की निंदा करती है। शिवसेना की राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि सोनिया गांधी ने किताब में सावरकर को हिंदुत्व को लेकर बहिष्कारवादी बताया है। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे सावरकर को हिंदुत्व की आत्मा मानते थे। शाइना एनसी ने कहा कि सावरकर ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया और जेल में लंबा समय बिताया। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया गांधी को उनके बलिदान पर टिप्पणी करने का अधिकार किसने दिया?
आसियान समिट के बीच क्वाड नेताओं की बैठक में शामिल होने आज मनीला रवाना होंगे प्रधानमंत्री





