
जबलपुर (जय लोक)। देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में जबलपुर का नाम उस समय गर्व से गूंज उठा, जब शहर को देश भर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। दिल्ली से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण कर जब महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ एवं नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां का नजारा किसी बड़े उत्सव जैसा था।

विमानतल पर नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों का भारी हुजूम अपने महापौर और निगमायुक्त के स्वागत के लिए उपस्थित रहा। जैसे ही महापौर और निगमायुक्त विमानतल से बाहर निकले, पूरा परिसर ढोल-धमाकों की गूंज और भारत माता के जयकारों से जीवंत हो उठा। मौजूद लोगों ने दोनों पदाधिकारियों पर फूलों की बारिश की, पुष्पगुच्छ भेंट किए और गर्मजोशी से माला पहनाकर स्वागत किया।

यह सम्मान संस्कारधानी के एक-एक नागरिक का है
प्रेम और स्वागत से अभिभूत होकर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने हाथ जोडक़र पूरी संस्कारधानी का आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा यह पुरस्कार महापौर या निगमायुक्त का नहीं, बल्कि जबलपुर के 15 लाख नागरिकों, सफाई मित्रों और निगम की पूरी टीम की दिन-रात की मेहनत का परिणाम है। शहरवासियों का आभार जिन्होंने इस शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में अपना सहयोग दिया।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए नगर निगम द्वारा किए गए ठोस उपायों, पौधारोपण अभियान, निर्माण कार्यों पर धूल नियंत्रण और कचरा प्रबंधन के कड़े नियमों के कारण ही जबलपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम हासिल किया है। संस्कारधानी का यह गौरवपूर्ण प्रदर्शन आने वाले समय में शहर को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के नए आयामों तक ले जाने के लिए प्रेरित करेगा।

Author: Jai Lok





