Download Our App

Home » News » हंगामा फेस्ट में पुलिस की कार्यवाही, डीजे जप्त आयोजकों पर भी एफआईआर

हंगामा फेस्ट में पुलिस की कार्यवाही, डीजे जप्त आयोजकों पर भी एफआईआर

पुलिस ने उठाया सख्त कदम, बर्न कम्पनी मैदान में था आयोजन

जबलपुर (जयलोक)। रविवार रात सिविल लाइन पुलिस ने नियमों के विरुद्ध कार्य कर रहे बड़े आयोजन के आयोजकों पर सख्त कार्यवाही करते हुए ऐसे आयोजनों में मनमानी के खिलाफ सख्त कार्यवाही का संदेश दिया है। सिविल लाइन थाने के सामने स्थित बर्न कंपनी मैदान में व्यावसायिक गतिविधियों का आयोजन हंगामा फेस्ट के नाम से गोरखपुर निवासी सनी उर्फ कुलविंदर सिंह दुग्गल के द्वारा आयोजित किया गया था। आयोजकों ने रात 10 बजे तक आयोजन और डीजे बजाने की अनुमति ले रखी थी। लेकिन मनमानी करते हुए देर रात तक डीजे बजाया जा रहा था।

रविवार की रात शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और तेज आवाज में बज रहे डीजे पर कुछ लोग हो हल्ला हंगामा करते पाए गए। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नियम कानून और अनुमति के विरुद्ध किए जा रहे कार्य को रोका और डीजे के उपकरण जप्त कर लिए।

सिविल लाइन पुलिस के अनुसार आयोजक कुलविंदर सिंह के द्वारा यह आयोजन किया गया था जिसमें चेरीताल निवासी साउंड ऑपरेटर सोनू विपिन रोहितास ने डीजे लगाया था। देर रात तक बजाए जा रहे डीजे से संबंधित अनुमति मांगी गई जो प्रस्तुत नहीं कर पाए इसके बाद एसडीएम रांझी के आदेश का उल्लंघन होना पाया गया।

पुलिस ने चार साउंड बॉक्स, एक मिक्सर मशीन, एक एमप्लीफायर, वायर बोर्ड एवं मॉनिटर बॉक्स को जप्त कर लिया है। नियम विरुद्ध तरीके से अनुमति के विरुद्ध जाकर आयोजकों द्वारा तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने आयोजक और डीजे संचालक पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

इनका कहना है
अनुमति के विरुद्ध देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भेजी गई और मशीन जप्त करने की कार्यवाही की गई है। नियमों में किसकी अवहेलना थी इस बात की जांच की जा रही है। आयोजकों और डीजे संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई है।

पूर्व चौरसिया, थाना प्रभारी सिविल लाइन

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » हंगामा फेस्ट में पुलिस की कार्यवाही, डीजे जप्त आयोजकों पर भी एफआईआर

Top Headlines

Live Cricket