
नहरों के बाजू वाले रास्ते पर पूर्णत: प्रतिबंधित है भारी वाहनों की आवाजाही, फिर भी धड़ल्ले से दौड़ रहे हाईवा
जबलपुर (जय लोक)। बरगी तहसील के अंतर्गत आने वाले मानेगांव, बढ़ैयाखेड़ा, मुहास, खैरेनी आदि क्षेत्र से होते हुए नारायणपुर जोधपुर, घाना, तिलवारा, पनागर, पाटन तक और खापागौरी से बरेला होते कुंडम से आगे तक जाने वाली बरगी बांध की नहरों को क्षतिग्रस्त करने में हाईवा-डंपर जमकर धमाचौकड़ी मचा रहे है। जबकि नहरों के बाजू में बनने वाले रास्तों पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णत प्रतिबंधित है केवल अति आवश्यक कार्य एवं अनुमति होने पर ही भारी वाहनों को निकलने की अनुमति दी जाती है। लेकिन वर्तमान में अवैध खनन माफिया ने प्रशासन को चुनौती देते हुए नहर के मार्गों को खनिज तस्करी का अड्डा बना लिया है। मुहास मार्ग से बढ़ैयाखेड़ा की ओर सरकारी खसरा नंबर 29, 05 एवं इससे लगी अन्य भूमियों पर वर्तमान में नियम विरुद्ध तरीके से खुदाई और नहर मार्ग से ही इसकी तस्करी हो रही है। बिना रॉयल्टी के खनिज निकाला जा रहा है।

हाल ही में फूट गई थी एक नहर
कुछ समय पूर्व ही बरगी तहसील के खापागौरी में बरगी बांध से निकलने वाली एक नहर पुलिया के पास से फूट गई थी। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में हडक़ंप की स्थिति निर्मित हो गई थी यहां तक की कई गांव में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो गई थी और खेती किसानी का कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हुआ था।

इतने लोड के लिए नहीं बनी ये सडक़ें
डंपर और हाईवा की धमाचौकड़ी से इसी प्रकार का हादसा पुन: घटित होने की पूरी संभावनाएं नजर आ रही है। कुछ महीने पहले जिस समय नहर फूटने की घटना हुई थी उस वक्त भी ग्रामीण और जिम्मेदारों ने इस बात को पुरजोर तरीके से उठाया था कि गांव को जोडऩे वाली जो छोटे पुल और पुलिया है और नहर के बाजू वाले मार्ग हैं वे सभी इतने भारी वाहनों के आवागमन और इतने अधिक भार उठाने की क्षमता से नहीं बनाये गए है इसलिए वो लगातार भारी वाहनों के आवागमन के कारण और उनकी धमा चौकड़ी के कारण क्षतिग्रस्त होने की कगार पर है।


अवैध खनन करने वालों ने बनाया रास्ता
नहर के बाजू वाले मार्गों से सर्वाधिक अवैध खनन कर शासकीय भूमि से खनिज चोरी करने वालों ने अपना रास्ता बना लिया है। मुख्य मार्ग से चोरी का खनिज लेकर जाने में इन्हें पकड़े जाने का डर अधिक रहता है इसीलिए यह नहर के बाजू में स्थित कच्चे मार्गों का उपयोग कर उन्हें क्षतिग्रस्त करते हुए चोरी के खनिज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक नजरों से बचा कर ले जा रहे हैं।
बंद कर देते है रास्ता, ताकि भाग सके
पिछली कुछ छापेमार कार्यवाहियों के दौरान यह पाया गया है कि नहर के रास्तों से सरकारी भूमि पर अवैध खनन करने वाले छापा पडऩे की स्थिति में खाली वाहन बीच में अड़ा कर टीम का रास्ता रोक लेते है ताकि अवैध खनन में लगी बड़ी मशीन जैसे जेसीबी, पोकलेन, 220 आसानी से मौके से हटाई जा सके।
जस्टिस विवेक रूसिया संभालेंगे हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस का कार्यभार
Author: Jai Lok






