
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने आक्रोशित भीड़ को संभाला, खुलवाया जाम
जबलपुर (जयलोक)।जबलपुर-नरसिंहपुर बार्डर पर हुई सडक़ दुर्घटना में पाँच युवकों की मौत को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। जिसमें पाँच लोगों की वाहन से कुचलकर हत्या की गई है वहीं छठवे की भी हालत गंभीर बनी हुई है। पूरा मामला रेत निकासी का बताया जा रहा है। नरसिंहपुर की सुआतला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रविवार शाम को पावला गांव में पाँच लोगों की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणजनों ने जबलपुर-भोपाल रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। तीन घंटे तक धरने पर बैठे लोगों का आरोप था कि यह हादसा नहीं हत्या है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में पहुँच गए, जिन्होने लोगों को समझाइश देते हुए शांत कराया है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा भी लोगों को समझाने के लिए चकाजाम स्थल पर पहुँचे जहां उन्होंने समझाइश देकर किसी तरह मामले को शांत कराया।
रविवार शाम को जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर तेज रफ्तार हाईवा ने 6 दोस्तों को कुचल दिया था। इनमें से 5 की मौत हो गई। ये सभी नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे, लौटते समय इंदिरा नगर के पास हादसे का शिकार हो गए। हादसे में मृत हुए युवकों के परिजनों को इस बात की खबर लगी तो मातम छा गया। गुस्साए परिजनों व गांव के लोगों ने हाइवे पर शवों को रखकर प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक का पता नहीं लगा सकी। सूचना मिलते ही सुआतला थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए तथा निष्पक्ष जाँच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

पाँच की मौत, छठवे की हालत गंभीर
हादसे में राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी, राजपाल लोधी, जयपाल लोधी व नीरज लोधी की मौत हो चुकी है। अन्य घायल एक युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। नरसिंहपुर पुलिस का कहना है कि उसका इलाज चल रहा है फिलहाल उसकी हालत भी अभी गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटना है या हत्या इसकी जाँच कर रही पुलिस
सुआतला थाना पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की सडक़ दुर्घटना और हत्या, दोनों पहलुओं से गहन जाँच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने नामजद लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतकों के परिजनों आरोप लगाया है कि राजेंद्र पटेल और आनंद सिंह के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा है।


एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने हंगामा कराया शांत
जबलपुर-भोपाल हाईवे पर इस मामले को लेकर हुए चकाजाम में एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने लोगों को समझाइश देने और उन्हें शांत कराने में अहम रोल अदा किया। इसके पूर्व भी उन्होंंने पाटन के ढिमरी में हुए हत्याकांड के बाद गुस्साए लोगों को समझाने में अहम योगदान दिया। एएसपी सूर्यकांत शर्मा की समझाईश के बाद स्थिति सामान्य हुई।
आरोपी फरार
इस घटना के बाद अब तक पुलिस ने उन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है जिनके खिलाफ हत्या के आरोप लगे हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जाँच कर रही है। फिलहाल पुलिस द्वारा जिन लोगों पर हत्या के आरोप लगाए गए हैं उनकी तलाश कर रही है। सुआतला थाना प्रभारी प्रियंक केवट का कहना है कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद स्थिति साफ हो पाएगी कि यह हत्या है या फिर हादसा।
इनका कहना है
सडक़ हादसे में घायल छठवें युवक का इलाज चल रहा है। धाराएं बढ़ाकर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं जिन लोगों पर रेत निकासी के विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया गया है उनकी भी तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पता चल सकेगा कि घटना का सच क्या है।
– प्रियंक केवट, सुआतला थाना प्रभारी
Author: Jai Lok






