
जबलपुर, (जयलोक)। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए 16 जुलाई को कांग्रेस पार्षद दल के साथ नगर निगम मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि क्या बोलती पब्लिक अभियान के तहत शहरवासियों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सडक़ों पर उतरेगी और नगर निगम की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
प्रेस वार्ता में सौरभ शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम में भाजपा की सत्ता शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है। निगम में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का तंत्र हावी है, जिसके कारण आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जबलपुर इस समय भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है। करीब 15 लाख आबादी वाले शहर में सीमित टैंकरों के भरोसे जलापूर्ति की जा रही है, जबकि अमृत जल योजना के अंतर्गत बनी कई पानी की टंकियां तैयार होने के बावजूद चालू नहीं की गई हैं। कांग्रेस ने नगर निगम पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने, शहर में जगह-जगह गंदगी, बरसात में जलभराव, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, जर्जर सडक़ों और टूटी नालियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया कि आधे घंटे की बारिश में ही शहर की सडक़ें तालाब बन जाती हैं और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।

सौरभ शर्मा ने कहा कि कई क्षेत्रों में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा होने की आशंका है। वहीं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और आधे कर्मचारियों से पूरा काम कराया जा रहा है।प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पार्षदों के विकास कार्यों में जानबूझकर बाधाएं खड़ी की जा रही हैं, जबकि सत्ता पक्ष के वार्डों में बिना किसी रोक-टोक के कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अलावा गोहलपुर पुलिया के लंबित निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन सभी जनसमस्याओं को लेकर 16 जुलाई दोपहर 12 बजे नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। आंदोलन में शहर जिला कांग्रेस कमेटी, कांग्रेस पार्षद दल एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल होंगे। इस अवसर पर विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, चिन्टू चौकसे, श्रीमति कमलेश यादव आदि उपस्थित रहे।


Author: Jai Lok






