
महायुति में अब सीएम फेस पर खींचतान
शिंदे बोले- ज्यादा सीट का मतलब सीएम नहीं, फडणवीस बोले मिलकर चुनेंगे सीएम
मुंबई। महाराष्ट्र चुनाव में महायुति गठबंधन की बंपर जीत हुई है। विधानसभा की कुल 288 सीटों में से भाजपा गठबंधन 219 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं, भाजपा अकेले 124 सीटों पर आगे है तो शिंदे की शिवसेना 55 सीटों पर आगे हैं।
एकनाथ शिंदे ने चुनावी परिणाम पर रिएक्शन दिया है। शिंदे ने कहा कि अगर चुनाव में कोई ज्यादा सीट ले आता है तो वो सीएम फेस नहीं होता है। शिंदे के बयान से साफ हो गया है कि उन्होंने सीएम पद पर दावा ठोक दिया है। दूसरी तरफ देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की उम्मीद से बड़ी जीत हुई है। उन्होंने कहा कि सीएम पद का फैसला मिलकर किया जाएगा।
ये है समीकरण
सीएम फेस की रेस में देवेंद्र फडणवीस का पलड़ा भारी दिख रहा है। दरअसल, महाराष्ट्र में भाजपा 145 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और वो 127 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा का जीत का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है। वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना 81 सीटों पर लडक़र 53 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा की बंपर जीत में फडणवीस को प्रमुख चेहरा माना जा रहा है। एकनाथ शिंदे को भी सीएम बनने की रेस में पीछे नहीं माना जा सकता है। दरअसल, शिंदे ने ऐसे समय में भाजपा का साथ दिया था, जब उन्हें सबसे ज्यादा जरूरत थी। शिंदे ने शिवसेना को तोडक़र उद्धव ठाकरे को सबसे बड़ा झटका दिया था। इसी कारण भाजपा उन्हें इनाम दे सकती है।

झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार बनना तय
41 का बहुमत और 54 सीटों पर बढ़त
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के रुझानों में हेमंत सोरेन की झामुमो का दोबारा सत्ता में आना तय हो गया है। 81 सीटों पर वोटों की गिनती के दौरान रुझानों में झामुमो गठबंधन ने 54 सीटों पर बढ़त बना ली है। यह आंकड़ा 41 के बहुमत से 13 सीट ज्यादा है। भाजपा गठबंधन 29 सीटों पर आगे चल रहा है। अन्य 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा गठबंधन 26 सीटों पर आगे है और अन्य 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
राज्य में 13 और 20 नवंबर को 81 सीटों पर मतदान हुआ था, 68 प्रतिशत वोटिंग हुई। यह अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग प्रतिशत है।
८ सरायकेला से पूर्व सीएम चंपाई सोरेन चुनाव जीते। चुनाव से पहले भाजपा में हुए थे शामिल। धनवार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी चुनाव जीत गए हैं। गांडेय से हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना जीतीं। तीनों सीटों पर रिजल्ट की आधिकारिक घोषणा बाकी है।
८ हेमंत सरकार के 4 मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बन्ना गुप्ता, हफिजुल हसन अंसारी, बेबी देवी और मिथिलेश ठाकुर पीछे चल रहे हैं।
८ सोरेन परिवार के तीन कैंडिडेट बड़ी बहू सीता सोरेन (भाजपा) जामताड़ा, छोटी बहू कल्पना सोरेन गांडेय और छोटे बेटे बसंत सोरेन दुमका सीट से पीछे चल रहे हैं। हेमंत सोरेन ही बरहेट से आगे चल रहे हैं।
गांडेय से सीएम हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन जीतीं
सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा सीट से चुनाव जीत गई हैं। उनकी जीत का ऐलान होते ही समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
पूर्व सीएम की पत्नी गीता चुनाव हारीं
पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा चुनाव हार गई है। जगन्नाथपुर से भाजपा की प्रत्याशी थीं। उनके सामने कांग्रेस के सोनाराम सिंकू प्रत्याशी थे।
झामुमो बोली- बांटने आए थे, कट गए
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हमारी सरकार निश्चित तौर पर बन रही है। लोग बांटना चाहेंगे तो कटेंगे, कट गए। कुछ लोग साजिश कर रहे थे, उनका भंडाफोड़ हो गया।

वायनाड में जीत के रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं प्रियंका गांधी
वायनाड। केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस बाजी मारने जा रही है। यहां कांग्रेस की प्रियंका गांधी 2 लाख 25 हजार 331 वोटों से आगे चल रही हैं। उनके समर्थकों का दावा है कि श्रीमती गांधी इस बार जीत का रिकॉर्ड बनाएंगी। वायनाड में तो यह पहले से तय है कि प्रियंका गांधी जीत दर्ज करेंगी और एकमात्र सवाल यह है कि क्या वह अपने भाई राहुल गांधी के वोटों के अंतर से भी आगे निकल पाएंगी। यहां बताते चलें राहुल गांधी ने रायबरेली को बरकरार रखने के लिए वायनाड सीट को खाली किया, जबकि पलक्कड़ से कांग्रेस के शफी परमबिल और एससी/एसटी राज्य मंत्री के राधाकृष्णन ने क्रमश: पलक्कड़ और चेलाक्कारा में अपनी विजयी सीटें छोड़ दी थी। उल्लेखनीय है कि आज यानी 23 नवंबर को कई राज्यों के उपचुनावों के अलावा महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना हो रही है। वहीं पलक्कड़ विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय चुनावी लड़ाई में भाजपा उम्मीदवार सी कृष्णकुमार डाक और घरेलू मतों की गिनती शुरू होने के बाद 1,016 वोटों से आगे चल रहे थे। चेलाक्कारा विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम में मतों की गिनती शुरू होने पर सीपीआई (एम) उम्मीदवार यूआर प्रदीप 1,890 वोटों से आगे चल रहे थे। संयोग से, केवल पलक्कड़ में ही असली त्रिकोणीय मुकाबला है। चेलाक्कारा में चुनावी जंग चल रही है, क्योंकि यह सीट 1996 से सीपीआई के पास है और कांग्रेस उम्मीदवार राम्या हरिदास प्रदीप को कड़ी टक्कर दे रही हैं।

विजयपुर में भाजपा के मंत्री हारे, बुधनी में भाजपा को बढ़त
भोपाल (जयलोक)। विजयपुर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने भाजपा के रामनिवास रावत को हरा दिया है। मल्होत्रा ने 7228 वोट से जीत दर्ज की है। मतगणना की शुरुआत से मल्होत्रा आगे थे, लेकिन बीच वे पिछड़ गए थे। हालांकि, आखिरी राउंड की काउंटिंग में उन्होंने फिर बढ़त हासिल की जो आखिरी तक बनी रही। हालांकि, अभी तक चुनाव आयोग ने आधिकारिक रूप से पुष्टी नहीं की है।
भार्गव पांच हजार वोट से आगे
बुधनी विधानसभा उपचुनाव में पांचवें राउंड की काउंटिंग पूरी हो चुकी है। शुरुआती दो राउंड में लीड के बाद कांग्रेस लगातार पिछड़ती जा रही है। भाजपा उम्मीदवार रमाकांत भार्गव ने 5362 वोट की बढ़त हासिल कर ली है। पांचवें राउंड में रमाकान्त भार्गव को 9166 और राजकुमार पटेल को 7506 वोट मिले हैं। भार्गव को 45156 तो वहीं कांग्रेस उम्मीदवार राजकुमार पटेल को 39794 वोट मिले हैं। इसी बीच पटेल मतगणना कक्ष भी पहुंचे और समर्थकों से बातचीत कर काउंटिंग की जानकारी ली।
Author: Jai Lok







