
उज्जैन/भोपाल (जयलोक)। कालों के काल बाबा महाकाल के दरबार में प्रतिदिन सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती में मंगलवार सुबह भारतीय क्रिकेट टीम के 9 खिलाड़ी शामिल हुए। सभी ने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। इसके बाद चांदी द्वार के पास पहुंचकर भगवान का पूजन-अर्चन किया और नंदीजी के कानों में अपनी मनोकामनाएं कहीं। महाकालेश्वर मंदिर के पुरोहित विपुल चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, आकाश सिंह, अभिषेक देसाई, ऋषभ चौहान, चिंतन गाजा, उमंग टांडेल, विशाल जायसवाल और भानु पनिया बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे।
2 घंटे तक किया पूजन-अर्चन- जानकारी के अनुसार खिलाडिय़ों ने लगभग 2 घंटे तक बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए और निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन करते हुए भगवान की जय-जयकार की। उन्होंने जलाभिषेक और पूजन-अर्चन भी किया। इसके बाद नंदीजी के कानों में अपनी मनोकामनाएं कहकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।






