Download Our App

Home » अपराध » बिल्डर रोहित तिवारी को अपने साथ ले गई ईडी, कई नेताओं और अफसर की नींद उड़ी

बिल्डर रोहित तिवारी को अपने साथ ले गई ईडी, कई नेताओं और अफसर की नींद उड़ी

इस बिल्डर के साथ कई नामचीन लोगों की है हिस्सेदारी

किस-किस का पैसा लगा है खुल सकती है परतें, ईडी के शिकंजे का दायरा रोकने शुरू हो गई जोर आजमाइश

जबलपुर (जय लोक)।परिवहन विभाग के पूर्व कांस्टेबल सौरभ शर्मा के खास रिश्तेदार बिल्डर रोहित तिवारी के बारे में ईडी सहित अन्य जाँच एजेंसियों को बहुत सी चौंकाने वाली जानकारियाँ मिली हंै। जानकारियाँ कितनी महत्वपूर्ण होंगी इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है की जाँच के उपरांत कल देर रात ईडी बिल्डर रोहित तिवारी को अपने साथ ले गई है उसका मोबाइल भी जप्त किया गया है। इस बात की भनक लगते ही बिल्डर रोहित तिवारी के निवेशक और हिस्सेदारों की नींद उड़ गई है इनमें कई राजनेता और अफसर भी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार यह जानकारी भी जाँच एजेंसियों के सामने आई है कि रोहित तिवारी पहले से कोई खानदानी करोड़पति नहीं थे। लेकिन पिछले एक दशक में राजनीतिक लोगों की शरण में आने के बाद और कुछ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के करीबी हो जाने और इनका पैसा निवेश करने के बाद से रोहित तिवारी के भी दिन फिर गए। विशेष तौर पर कुछ पुलिस अधिकारी जिनमें से अब कुछ रिटायर हो चुके हैं इनका पैसा भी हिस्सेदारी के रूप में बिल्डर रोहित तिवारी के प्रोजेक्ट में लगा हुआ है। कुछ अफसर ऐसे भी हैं जो अभी भी सेवा में हैं और अन्य जिलों में पदस्थ हैं लेकिन उनका पैसा बिल्डर रोहित तिवारी के माध्यम से लगाए जाने की बातें सामने आई हैं। सामने आ रही जानकारियों को सत्यापित करने का कार्य चल रहा है। कल दिनभर बिल्डर रोहित तिवारी के निवास पर जाँच एजेंसी ने बारीकी से जाँच पड़ताल की कई महत्वपूर्ण निवेश से संबंधित दस्तावेजों के हाथ लगने के बाद उन्हें जप्त भी किया गया है।
सूत्रों के अनुसार जाँच टीम बिल्डर रोहित तिवारी को अपने साथ ले गई है। जप्त किए गए दस्तावेजों में जमीन की खरीद फरोख्त से लेकर बिल्डिंग प्रोजेक्ट में लगाए गए पैसे का विवरण भी शामिल है। इसके आधार पर जाँच प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और बिल्डर रोहित तिवारी और इसके रिश्तेदार सौरभ शर्मा से जुड़े हुए निवेशकों का नाम भी सामने आ सकेगा। जाँच आगे बढ़ेगी तो निश्चित रूप से यह बात भी सामने आएगी कि किस नेता और किस अफसर का सौरभ शर्मा जैसे अवैध धन को अर्जित कर बने धन कुबेर के पूरे नेटवर्क में कितना पैसा लगा है। उसके रिश्तेदार बिल्डर रोहित तिवारी को भी सौरभ शर्मा के नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानाकर जाँच एजेंसियों ने कल यहां उसके घर पर दस्तक दी है।

14 लाख का लहंगा  चर्चाओं में

सौरभ शर्मा की पत्नी दिव्या शर्मा ने नवरात्र से पहले गुजरात के अहमदाबाद शहर से 14 लाख रुपए का लहंगा खरीदा था यह जानकारी पूछताछ के दौरान जाँच एजेंसी के सामने सौरभ शर्मा के करीबी चेतन गौर ने दी है। जाँच एजेंसी अब इस बात की भी पुष्टि कर रही है और इस संबंध में दिव्या को नोटिस देने की तैयारी भी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार इसके पूर्व में भी दिव्या शर्मा के खाते से बड़ी रकम के लेनदेन होने के संबंध में आयकर विभाग ने नोटिस जारी किया था। फिलहाल सौरभ शर्मा और उसकी पत्नी दिव्या शर्मा दुबई में छुट्टियां मनाने गए हैं और अभी हाल ही में उनका एक नाचने गाने का वीडियो फोटो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था।

ऊंची पहुँच वाले हैं सौरभ शर्मा और बिल्डर रोहित तिवारी के हिस्सेदार

परिवहन विभाग के मामूली से पूर्व कांस्टेबल का 54 किलो सोना 234 किलो चांदी और 10 करोड़ रुपए नगद अर्जित करना मामूली बात नहीं है बहुत स्पष्ट सी बात है कि इस पूरे नेटवर्क में प्रदेश भर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेताओं, अफसरों और ऊंची पहुँच वाले लोगों की हिस्सेदारी है। इस पूरे बड़े नेटवर्क में किसके कितने करोड़ कितने लाख रुपए लगे हुए हैं, किस बिल्डर, किस व्यापारी के माध्यम से इन पैसों का निवेश किया गया है इन सब बातों की बारीकी से जानकारी जुटाई जा रही है। कल जाँच एजेंसी ने पूछताछ के दौरान बिल्डर रोहित तिवारी के रिश्तेदार पंकज तिवारी को भी पूछताछ के लिए बुलवाया था और निवेश के संबंध में उससे भी पूछताछ की गई।

इनपुट : जबलपुर में चल रहे प्रोजेक्ट पर जमकर लगाया गया काला धन

ईडी और अन्य जांच एजेंसियां सौरभ शर्मा के काले धन की अकूत संपत्ति देखने के बाद से इस पूरे मामले पर गंभीरता से कार्य कर एक-एक करके सभी कडिय़ां जोड़ रही हैं। काले धन की निवेश की कड़ी जुड़ते-जुड़ते जबलपुर तक पहुँच चुकी है। बिल्डर रोहित तिवारी और उसके रिश्तेदारों से पूछताछ का क्रम जारी है। जाँच एजेंसियों को जो इनपुट प्राप्त हुए हैं उसके अनुसार काले धन का बड़ा हिस्सा जबलपुर में चल रहे प्रॉपर्टी के प्रोजेक्ट में निवेश कर खपाया गया है। सूत्रों के अनुसार इस बात के प्रमाण धीरे-धीरे करके सामने आ रहे हैं कि सौरभ शर्मा और उसके साथियों ने अपनी काली कमाई का बड़ा हिस्सा अपने रिश्तेदार बिल्डर रोहित तिवारी के प्रोजेक्ट में निवेश किया है। इस बात को प्रमाणित करने के लिए जाँच एजेंसी साक्ष्य एकत्रित कर रही हैं। जाँच में यह सामने आया है कि बिल्डर रोहित तिवारी की कंपनी ओमेगा रियल कॉन प्राइवेट लिमिटेड में बड़ी राशि निवेश हुई है इसके अलावा रोहित तिवारी के नाम से और भी अन्य फर्म सामने आई हैं। यह बात भी सामने आई है कि सौरभ शर्मा ने जैसे अपने रिश्तेदार बिल्डर रोहित तिवारी के साथ मिलकर निवेश किया इस प्रकार रोहित तिवारी ने भी अपने रिश्तेदारों के नाम पर निवेश किया है। जाँच एजेंसी अब इस बात का भी पता लगाएगी कि जिसके नाम से निवेश किया गया है आखिर इसका आधार क्या है और उतनी राशि उसके पास कब और कैसे आई।

9 घंटे तक हुई सर्च  की कार्रवाही

ईडी ने बिल्डर्स रोहित तिवारी के शास्त्री नगर स्थित घर पर लगातार 9 घंटे तक जाँच की कार्रवाही की है। बताया जाता है कि इस जाँच में 40 फाईलें, हार्डडिस्क और बहीखाते भी जप्त किए गए हैं। ईडी की टीम रोहित तिवारी को अपने साथ भोपाल लेकर गई है।

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » बिल्डर रोहित तिवारी को अपने साथ ले गई ईडी, कई नेताओं और अफसर की नींद उड़ी
best news portal development company in india

Top Headlines

उषा भार्गव कांड में डॉ. व्ही.व्ही. श्रीवास्तव की गवाही मंंडला में दर्ज कराई गई थी

तभी प्रधानमंत्री नेहरू ने जबलपुर को गुंडों का शहर कहा था फोटेा कैप्शन = डॉ. वीवी श्रीवास्तव शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद

Live Cricket