Download Our App

Home » दुनिया » अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की सरगर्मी

अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की सरगर्मी

भोपाल (जयलोक)। मप्र में भाजपा ने आधे से अधिक यानी की करीब दो तिहाई जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए जरूरी कोरम पूरा हो गया है। इसकी वजह से अब यह तय है कि जल्द ही पार्टी में नए प्रदेशाध्यक्ष के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरु हो जाएगी। उधर, अब तक नियुक्त हुए जिलाध्यक्षों की सूची से पता चलता है कि इन्हें नेताओं ने अपनी पसंद ना पसंद के आधार पर नियुक्त कराया है। प्रदेश के 62 में से अब तक 47 जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा हो चुकी है। इनमें से 16 चेहरों को दोबारा मौका दिया है, जबकि 31 नए चेहरों को मौका मिला है। इनमें पहली बार चार महिलाओं को भी जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। क्षेत्रों के प्रभावशाली नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों को जिलाध्यक्ष बनवाया है। संख्या के हिसाब से देखें तो प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए कोरम पूरा हो गया है। ऐसे में सबका ध्यान अब प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव पर केंद्रित हो गया है। गौरतलब है कि घोषित कार्यक्रम के अनुसार 15 जनवरी तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो जाना था। लेकिन जिलाध्यक्षों के निर्वाचन में हो रही देरी के कारण प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव भी आगे बढ़ गया । अब प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के लिए जिलाध्यक्षों की संख्या का कोरम पूरा होने के बाद माना जा रहा है कि इसी महीने भाजपा अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है।

जातीय गणित पर रहेगा जोर

भाजपा आलाकमान ने विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के चयन में जिस तरह जातीय गणित का ख्याल रखा था। उसकी संभावना प्रदेश अध्यक्ष के चयन में भी प्रबल मानी जा रही है। वीडी शर्मा ब्राम्हण वर्ग से आते हैं। अगर पार्टी फिर से ब्राम्हण चेहरे पर दांव खेलती है तो पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, के नाम पर विचार हो सकता है। नरोत्तम को अपने दिल्ली में सम्पर्कोंं का फायदा मिल सकता है। इसके अलावा आलाकमान अगर अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के किसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष का पद देने का फैसला करता है तो सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सुमेर सिंह सोलंकी, लाल सिंह आर्य और गजेन्द्र पटेल जैसे नेताओं के नामों पर भी विचार हो सकता है। फग्गन सिंह पूर्व में भी प्रदेश अध्यक्ष के लिए ताल ठोक चुके हैं। वहीं सुमेर सिंह का नाम भी पिछली बार खासी चर्चा में था। वे संघ के बेहद नजदीकी माने जाते हैं। जहां तक बीडी शर्मा का सवाल है उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बने पांच साल 11 महीने का समय हो चुका है। वे नरेन्द्र सिंह तोमर और नंदकुमार चौहान के साथ उन प्रदेशाध्यक्षों में शामिल हो गए हैं, जिनका कार्यकाल काफी लंबा रहा है। उनके खाते में सफलताएं भी काफी है। उनके नेतृत्व में पहली बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सभी 29 सीटें जीतने में सफलता प्राप्त की थी।

महिला नेत्रियाँ भी दावेदार

भाजपा जिस तरह से महिलाओं को संगठन में आगे बढ़ा रही है ,उससे इस बात की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि पार्टी हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष की कमान किसी महिला नेत्री को सौंप दें। अब तक घोषित 47 जिलाध्यक्षों में पहली बार चार जिलों की कमान महिला नेत्रियों को दी गई है। माना जा रहा है कि इस बार कम से कम आधा दजर्न जिलों में पार्टी महिलाओं को अध्यक्ष बनाएगी। जिन महिला नेत्रियों का नाम प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में माना जा रहा है उनमें सागर की सांसद लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, रीति पाठक और शहडोल की सांसद हिमाद्री सिंह के नाम प्रमुख है। इनमें लता वानखेडे संगठन से लंबे समय तक जुड़ी रही है। सागर की ग्राम पंचायत मकरोनिया के सरपंच पद से अपना सियासी सफर शुरू करने वाली लता महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी है और वे इस समय प्रदेश मंत्री भी है। वही कविता पाटीदार जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ इस समय पार्टी की प्रदेश महामंत्री है और संगठन के कामों में लगातार सक्रिय है। अर्चना चिटनिस का नाम प्रदेश की वरिष्ठ नेत्रियों में शुमार होता है। वे प्रदेश सरकार में मंत्री रहने के साथ संगठन में भी कई पदों पर रह चुकी है।

 

आईजी, डीआइजी, एसपी ने नए भवन का फीता काटा, बैठेंगे सीएसपी कोतवाली

Jai Lok
Author: Jai Lok

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RELATED LATEST NEWS

Home » दुनिया » अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की सरगर्मी
best news portal development company in india

Top Headlines

400 हिंदुओं की अस्थियाँ पाक से आईं, 22 को हरिद्वार में विसर्जन होगा

समूह के सदस्यों की महाकुंभ में जाकर स्नान करने की इच्छा अमृतसर,(एजेंसी/जयलोक)। पाकिस्तान से करीब 400 हिंदुओं की अस्थियां लेकर

Live Cricket