
शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुँची थी महिला

जबलपुर (जयलोक)। जनसुनवाई के दौरान आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस वक्त हंगामा मच गया जब एक महिला ने अचानक जहर पी लिया। जिसके बाद महिला को आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया गया। कहा जा रहा है कि महिला अपने पति की शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुँची थी। महिला पूर्व में कई बार थाना और एसपी कार्यालय के चक्कर काट चुकी है। लेकिन हर बार उसे आश्वासन ही दिया गया। जिससे परेशान होकर आज उसने यह कदम उठा लिया।
महिला का नाम द्रोपती विश्वकर्मा बताया जा रहा है जो पन्नी मोहल्ला सुहागी की रहने वाली है। महिला का आरोप है कि पति रमेश विश्वकर्मा 12 वर्षों से शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है, ना तो वह परिवार का भरण पोषण कर पा रहा है ना ही बच्चों को और उसे अच्छी जिंदगी जीने दे रहा है। बच्चों के साथ भी वह गाली गलौच और मारपीट करता है। पति उसे व उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। 30 मार्च को सुबह पति ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद से ना तो वह घर में घुसने दे रहा है ना ही उसे खर्च के लिए पैसे देता है। पीडि़ता ने बताया कि उसका पति अब अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ दूसरी जगह रहता है और उसे अपने साथ रखने के लिए इंकार कर रहा है। ऐसे में महिला पर अपने बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेदारी आ गई है।

ससुराल वालों ने भी नहीं दिया साथ

पीड़िता का आरोप है कि पति ने तो उसका साथ नहीं दिया साथ ही उसके ससुराल वालों ने भी उसका साथ नहीं दिया। महिला ने इसकी शिकायत अधारताल थाने में भी की है। लेकिन शिकायत पर कोई कार्रवाही नहीं की गई। जिसके बाद महिला अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुँची। वहीं पीडि़ता के परिवार वालों का कहना है कि उनकी बेटी लंबे समय से पति और उसके परिवार वालों की प्रताडऩा झेल रही है। कई बार समझौते की कोशिश की गई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। जिसके बाद अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला के बयान के आधार पर पति और उसके परिवार वालों पर कार्रवाही करनी शुरू कर दी है।
Author: Jai Lok







