
जबलपुर (जयलोक)। कल एक नाटकीय घटनाक्रम में जिले के सहायक आबकारी आयुक्त ने अपने विभाग के निरीक्षक एवं स्टाफ के साथ बरेला स्थित शराब दुकान पर छापा मारा। सहायक आबकारी आयुक्त का कहना है कि आबकारी विभाग को मुखविर द्वारा पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि सुबह 11:30 के करीब तीन गाडिय़ों में शराब भरकर तिलहरी में छुपाई जाने की कार्यवाही की गई है इसके साथ ही चौथी गाड़ी वर्तमान में शराब दुकान बरेला से लोड हो रही है। मुखबिर द्वारा प्राप्त जानकारी के पुष्टि होने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर छापा मारा तो दुकान पर मौजूद सेल्समैन उपेंद्र मिश्रा और ठेकेदार के अन्य गुर्गों ने आबकारी विभाग की टीम को दुकान में मौजूद स्टॉक की जानकारी देने और कागजात दिखाने से मना कर दिया। शुरुआती दौर की गहमागहमी के दौरान ठेकेदार के लोगों ने आबकारी विभाग के अधिकारियों और स्टाफ को धमकाते हुए यह तक कह दिया कि तत्काल यहां से चले जाओ जो करना है कर लो। इसके अलावा दुकान कर्मचारियों और ठेकेदार के गुर्गों ने आबकारी अधिकारियों को अपशब्द कहे और अशिष्ट भाषा में शासकीय कार्य करने से रोके का प्रयास किया। इसके बाद वहां पर गर्मागर्मी और बढ़ गई और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सोशल मीडिया पर दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज का वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे और अन्य स्टाफ के लोग दुकान के अंदर कुछ लोगों को थप्पड़ और लात घूसे मारते नजर आ रहे हैं। विभाग के लोगों का कहना है कि शराब ठेकेदार के गुर्गे आबकारी अधिकारियों और स्टाफ पर हावी होने की कोशिश कर शासकीय काम में बाधा रहे थे और लगातार बदतमीजी कर रहे थे इसलिए विवाद बढ़ा।

पुलिस में दर्ज करवा रहे रिपोर्ट
सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे ने कहा कि कल हुए पूरे घटनाक्रम के बाद आबकारी विभाग का पूरा ध्यान तस्कर की गई शराब को जप्त करना और फरार हुए लोगों को पकडऩे में लगा हुआ था। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए अधिकारियों से बदसलूकी और धमकी देने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कर एफआईआर दर्ज की जा रही है।

चौथी गाड़ी की तलाश जारी
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि तीन गाडिय़ों में तस्करी की शराब छुपाने के लिए रवाना की गई है। सूचना के आधार पर इन तीनों गाडिय़ों को पुलिस ने बरामद कर लिया है जप्त की गई शराब की कीमत तकरीबन 5 लाख रुपए है। वहीं 4 थी गाड़ी का जिक्र सामने आया है उसकी जानकारी भी आबकारी विभाग के पास उपलब्ध हो गई है और जल्द ही उसे भी जप्त कर लिया जाएगा।

ठेकेदार ने भी दी शिकायत
वाणिज्य कर विभाग के प्रमुख सचिव के नाम से शराब ठेकेदार जागृति इंटरप्राइजेज के अजय सिंह बघेल जिनके नाम से बरेला शराब समूह का लाइसेंस है ने एक लिखित शिकायत देकर आबकारी विभाग अधिकारियों और स्टाफ द्वारा मारपीट कर कर्मचारियों को धमकाने की शिकायत कर दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की जबरन करवाई किए जाने की शिकायत की है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जाँच की माँग की है और कहा है कि आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हें दुकान लाइसेंस सरेंडर करने के लिए धमकाया जा रहा है। दूसरी ओर आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ कार्यवाही से बचने के लिए दबाव बनाने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
ये है कार्रवाही
कल आबकारी आयुक्त के आदेश पर अवैध मदिरा के परिवहन की सूचना पर राजुल पार्क तिलहरी थाना गोरा बाजार से तीन कारों को जप्त किया गया जिसमें करीब पाँच लाख की कुल 216.75 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई। इस कार्रवाही में कार भी जप्त की गई है।
8 करोड़ की धोखाधड़ी में 20 साल से फरार महिला को सीबीआई ने इंदौर से पकड़ा
Author: Jai Lok







