
जबलपुर (जयलोक)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के बाद कांगे्रस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में चुनाव चोरी हुआ है। आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास प्रमाण हैं। राहुल गांधी देश के सामने जो नैरेटिव सेट कर रहे हैं, वह राजनीतिक लाभ के लिए नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि इस देश में आपका भी मताधिकार सुरक्षित रहे, आपके बेटे का भी मताधिकार सुरक्षित रहे और आगामी पीढ़ी का भी, तभी तो संविधान पर भरोसा रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति वास्तविक प्रमाण के साथ बात करे तो उसका स्वागत है लेकिन इसमें किसी भी प्रकार की नकारात्मकता लाने का प्रयास किया जाए तो यह भाजपा का एजेंडा है।

चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध
मतदान को लेकर जीतू पटवारी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और हरियाणा में ऐसा हुआ और कई राज्यों में ऐसा होता है। इस बात की सच्चाई कैसे पता लगेगी? मैंने जब से घोषणा की है कि हम इस बात खुलासा करने वाले हैं, तो राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पिछले तीन दिनों से बंद है। उन्होंने आगे कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि जबलपुर में ऐसे एक-दो नहीं एक हजार से ज्यादा घर ऐसे हैं, जहां एक घर में 50 से ज्यादा वोटर्स हैं। चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध है।

13 अगस्त को करेंगे खुलासा
जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लोकतंत्र/संविधान को खत्म करने की खुली दुर्भावना रखने वालों की साजिशों को बेनकाब करना, अब जरूरी हो गया है! बुधवार, 13 अगस्त को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी मप्र विधानसभा चुनाव-2023 की चुनाव-चोरी का खुलासा करेगी!
पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि पहले 1500 वोट को 1200 वोट में बदलने की भूमिका भी चुनाव आयोग ने निभाई थी। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस मुद्दे का समर्थन किया जिसमें एक ही व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में कई स्थानों पर मौजूद होने की बात कही गई थी यह स्थिति न केवल एक ही विधानसभा क्षेत्र में, बल्कि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों और प्रदेश से बाहर भी देखी गई है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी होने के कारण भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर काम कर रही है।

रीवा के बाद जबलपुर भोपाल में भी आंदोलन होगा
जीतू पटवारी ने कहा कि इस आंदोलन की शुरुआत रीवा से हो रही है। इसके बाद ग्वालियर, भोपाल और जबलपुर में क्रमबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
मध्यप्रदेश में हो रहा औद्योगिक विकास भारत को नई औद्योगिक ऊंचाइयों पर ले जाने में होगा सहायक
Author: Jai Lok







