
जबलपुर (जयलोक)। नवरात्रि के पावन अवसर पर, जब पूरा देश माँ दुर्गा की आराधना में लीन हैं, वहीं माँ जो नारी शक्ति की प्रतीक हैं, शक्ति और सम्मान की देवी हैं ऐसे में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी पर दिया गया शर्मनाक बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि बहन-भाई के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला घोर पाप है। यह आरोप आज कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता विंग कमांडर अनुमा आचार्य द्वारा आयोजित पत्रकारवार्ता में लगाए गए हैं।

महिला नेत्री का कहना है कि रक्षा बंधन से लेकर नवरात्रि तक, यह बंधन पवित्रता और सुरक्षा का प्रतीक है। लेकिन कैलाश विजयवर्गीय का बयान इस रिश्ते पर सीधा हमला है, जो माँ दुर्गा की देवी शक्ति को चुनौती देने जैसा है। यह न केवल असंवेदनशील है, बल्कि पूरे प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता पर प्रहार है।

महिला नेत्री ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं द्वारा अमर्यादित टिप्पणियाँ बार-बार सामने आती हैं, लेकिन जब बहन-बेटियों पर अत्याचार होता है, तब वे चुप्पी साध लेते हैं। मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के आँकड़े भयावह हैं। बलात्कार, छेड़छाड़ और उत्पीडऩ की खबरें रोज अखबारों की सुर्खियाँ बनती हैं। भोपाल से लेकर छोटे कस्बों तक, बहन-बेटियाँ असुरक्षित हैं। नवरात्रि जैसे पवित्र समय में भी, जब हम माँ दुर्गा से सुरक्षा की प्रार्थना करते हैं, बीजेपी सरकार महिलाओं की रक्षा करने में विफल हो रही है।

महिला नेत्री ने यह माँग कि है कि कैलाश विजयवर्गीय तत्काल माँ दुर्गा के सामने झुककर सार्वजनिक माफी माँगें और बहन-भाई के पवित्र रिश्ते का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि यदि माफी नहीं माँगी जाती, तो मुख्यमंत्री उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त करें। बीजेपी नेताओं द्वारा महिलाओं का अपमान बंद हो, अन्यथा महिला कांग्रेस नवरात्रि की शक्ति से प्रेरित होकर सडक़ से सदन तक आंदोलन करेगी।
कांग्रेस ने लिया संकल्प
महिला नेत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की हर बहन-बेटी के सम्मान और सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। हम माँ दुर्गा की शक्ति से बीजेपी सरकार की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ निरंतर संघर्ष करेंगे और तब तक चुप नहीं बैठेंगे, जब तक महिलाओं को न्याय और सुरक्षा नहीं मिलती। बहन-भाई का पवित्र रिश्ता हमारी संस्कृति की रक्षा करेगा, और हम इसे कलंकित करने वालों को बख्शेंगे नहीं। पत्रकारवार्ता में नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव तथा शहर की कांग्रेस नेत्रियाँ मौजूद थीं।
सीएम सिंगल क्लिक से 29 को करेंगे 8 लाख 45 हजार विद्यार्थियों की फीस की प्रतिपूर्ति
Author: Jai Lok







