
जबलपुर (जयलोक)
नवरात्रि के दौरान तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर पुलिस ने कार्रवाही की है। ऐसे तीन मामलों में पुलिस ने कार्रवाही करते हुए साउंड जप्त किए हैं। एक मामले में तो तेज आवाज डीजे का वीडियो भी वायरल किया गया है। जिसमें एक दुर्गा उत्सव पदाधिकारी द्वारा तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर 21 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और एफआईआर दर्ज की गई।

पहला मामला कछपुरा चौक का है, जहां देर रात महाकाली विसर्जन जुलूस में मिनी ट्रक एमएच 40 सीएम 5605 पर 32 बॉक्स से गूंजता डीजे धार्मिक नगरी को दहलाने लगा। संचालक 27 वर्षीय सम्राट प्रधान निवासी शास्त्री नगर को पकडक़र पुलिस ने ट्रक सहित पूरा सिस्टम जब्त किया।

दूसरा मामला लार्डगंज थाना क्षेत्र का है, जहां भटौली कुण्ड विसर्जन जुलूस के दौरान मिनी ट्रक एमपी 20 जेड पी 3521 में 16 बड़े बॉक्स, 8 ट्यूटर और 6 एम्पलीफायर लगा डीजे कानफोडू आवाज में बजाया जा रहा था। संचालक 22 वर्षीय विशाल मलिक निवासी काकू डीजे प्रेमसागर कोई अनुमति नहीं दिखा सका। पुलिस ने पूरा डीजे सेटअप जब्त करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की। तीसरा मामला घमापुर थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार रात झामनदास चौक के आगे गोपाल होटल की ओर तेज आवाज में डीजे बजाकर माहौल बिगाड़ा जा रहा था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि ट्रक चालक करन लोधी निवासी वर्धा पड़रिया, थाना पनागर और डीजे ऑपरेटर 24 वर्षीय साहिल गोटिया निवासी बरझाई बिना किसी अनुमति के डीजे बजा रहे थे। पुलिस ने ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 2974 और ध्वनि विस्तारक यंत्र जब्त कर दोनों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
Author: Jai Lok







