
अभी भी पदाधिकारी बनने वरिष्ठ कार्यकर्ता लगा रहे जोर
जबलपुर (जय लोक)। भारतीय जनता पार्टी के संगठन के चुनाव के अंतिम दौर में अब नगर भाजपा की कार्यकारिणी का गठन होना बाकी रह गया है। नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर कार्यकारिणी में पदाधिकारियोंं के चयन के लिए भाजपा के दिग्गज नेताओं से रायशुमारी कर रहे हैं। ज्यादातर दिग्गजों ने अपनी पसंद और ना पसंद दोनों ही बतला दी हैं। भाजपा की कार्यकारिणी में और विशेषकर पदाधिकारी बनने के लिए अभी भी वरिष्ठ कार्यकर्ता जोर लगा रहे हैं और अपने संपर्कों और संबंधों के बूते दबाव भी बना रहे हैं।
जबलपुर नगर कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार कार्यकर्ताओंं के लिए लंबा होता जा रहा है। आज-कल के भरोसे लंबा समय बीत चुका हैं, लेकिन संगठन की घोषणा अब तक अधर में लटकी हुई है। कार्यकारिणी को लेकर तारीख पर तारीख दी जा रही है। कार्यकर्ताओं की उत्सुकता जहां बढ़ती जा रही है, वहीं अंदरखाने की खींचतान नगर कार्यकारिणी की राह में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, नगर कार्यकारिणी लगभग तैयार हो चुकी है और वरिष्ठों से रायशुमारी भी हो चुकी है, लेकिन महामंत्री के पद को छोडक़र अधिकांश पदों को लेकर सहमति भी बन चुकी है। यही वजह है कि सूची पर मुहर लगने के बावजूद उसका ऐलान अब तक नहीं हो सका।

कार्यकर्ताओं में बेचैनी
लगातार टलते ऐलान से कार्यकर्ताओंं में बेचैनी बढ़ती जा रही है। संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता मानते हैं कि इस देरी से भाजपा की नगर इकाई की सक्रियता प्रभावित हो रही है। कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम और रणनीतियाँ ठंडी पड़ गई हैं, क्योंकि कार्यकारिणी के गठन का इंतजार अब भी जारी है।

कब होगा ऐलान?
भाजपा का नगर नेतृत्व फिलहाल चुप्पी साधे हुए है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि उच्च स्तर पर बातचीत के बाद जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा और नगर कार्यकारिणी का ऐलान किया जाएगा। लेकिन कार्यकर्ताओंं के बीच यह चर्चा आम है कि जब तक महामंत्री के नाम पर सहमति नहीं बनती, तब तक ऐलान होना मुश्किल है।
अपराधिक वारदातों से शहर में डर का माहौल-विनय सक्सेना, एसपी को ज्ञापन सौंपकर बताया शहर का हाल
Author: Jai Lok







