
पटना। बिहार के 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। कुछ बूथों पर नाराज मतदाताओं ने वोट बहिष्कार कर दिया है। इसके बावजूद दोपहर एक बजे 47.62 फीसदी मतदान हुआ है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने भागलपुर में परिवार संग मतदान किया और कहा कि बिहार में इस बार फिर एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को बिहारवासी विजय की दीपावली मनाएंगे। दिल्ली हमले पर दुख जताते हुए उन्होंने इसे पाकिस्तान की साजिश बताया और कहा कि अगर पाकिस्तान नहीं सुधरा तो हिंदुस्तान उसे बख्शेगा नहीं। चौबे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह घटना को लेकर गंभीर हैं तथा जांच एजेंसियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनता से निर्भय होकर मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।
रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र से वोट बहिष्कार की खबर सामने आई है। शिवसागर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 204 पर सुबह से एक भी मतदाता ने वोट नहीं दिया है और सभी ग्रामीण लगातार अपने फैसले पर अडिग हैं। मामला मध्य विद्यालय कोनकी स्थित बूथ संख्या 204 की बताई जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोनकी गांव में पंचायत सरकार भवन बनने वाला था, लेकिन बाद में भवन को दूसरे गांव में बना दिया गया। जिससे ग्रामीण काफी नाराज हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर अधिकारियों को आवेदन दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में हम लोगों का प्रशासन से भरोसा टूट गया है।
लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में कसबा विधानसभा क्षेत्र की झुन्नी इस्तम्बरार पंचायत के वार्ड सं0-7, सिमोदी रहिका टोल में एक ऐतिहासिक बहिष्कार देखने को मिला है। गांव के एक हजार से अधिक मतदाताओं ने सामूहिक रूप से रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा बुलंद करते हुए मतदान प्रक्रिया से दूर रहने का फैसला किया है। ग्रामीणों का यह कठोर कदम आज़ादी के सात दशकों बाद भी सडक़ जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहने की पीड़ा को दर्शाता है।
जहानाबाद के घोसी विधानसभा के हरदासपुर गांव के बूथ संख्या 220 के बाहर राजनीतिक दलों दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वोट डालने को लेकर दो गुटों के बीच भिड़ंत हुई थीं। हालांकि, फौरन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। फिलहाल हालात नियंत्रण में है। पुलिस टीम लगातार कैंप कर रही है। रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के कोनार गांव में प्रशांत किशोर अपने पैतृक गांव पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने लोगों से बिहार में बदलाव लाने के लिए वोट डालने की अपील की। प्रशांत किशोर ने कहा कि हर वोट महत्वपूर्ण है और जनता को आगे आकर अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए। इस दौरान, उनके साथ करगहर विधानसभा के जन सुराज प्रत्याशी गायक रितेश पांडे मौजूद रहे।
दिल्ली में हुए 3 लोगों के इंटरव्यू, यूथ काँग्रेस के अध्यक्ष चयन पर संशय,होल्ड की गई प्रक्रिया!





