Download Our App

Home » जबलपुर » नगर निगम का कर संग्रहण अभियान शुरू 25 दिसम्बर तक मिलेगा करदाताओं को लाभ

नगर निगम का कर संग्रहण अभियान शुरू 25 दिसम्बर तक मिलेगा करदाताओं को लाभ

जबलपुर (जयलोक)
नगरीय निकायों के राजस्व को मजबूत करने और नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक ’विशेष कर संग्रहण अभियान शिविर’ का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के द्वारा जारी दिशा निर्देशों के परिपालन में नगर निगम जबलपुर द्वारा किया गया है। इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष अभियान 25 दिसम्बर तक जारी रहेगा, जिसके तहत शहर के नागरिकों को अपने बकाया करों और शुल्कों का भुगतान करने का एक विशेष अवसर प्रदान किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य लक्ष्य
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि इस व्यापक अभियान का प्राथमिक लक्ष्य नगरीय निकायों द्वारा अधिरोपित सभी करों जैसे संपत्ति कर, जल कर, समेकित कर आदि और प्रभारों की वसूली में तेजी लाना है। इस अभियान के माध्यम से, निम्नलिखित बिन्दुओं पर विशेष ध्यान दिया जायेगा :-
वर्तमान वित्तीय वर्ष की मांग की वसूली: यह सुनिश्चित करना कि नागरिक चालू वित्तीय वर्ष की अपनी कर देनदारियों का समय पर भुगतान करें।
पूर्ववर्ती वर्षों की बकाया राशि का संग्रहण: पुराने लंबित मामलों और बकाया राशि को निपटाना, जिससे निकाय के राजस्व में तुरंत वृद्धि हो सके।
राजस्व वृद्धि: नगरीय निकाय के वित्तीय स्वास्थ्य को बेहतर बनाना, ताकि शहर के विकास और बुनियादी ढाँचे के कार्यों को गति दी जा सके।
नागरिकों को कर के प्रति जागरूक करना: कर भुगतान के महत्व और इससे होने वाले स्थानीय विकास पर नागरिकों को शिक्षित करना, जिससे भविष्य में स्वैच्छिक कर अनुपालन बढ़े।
शिविरों का आयोजन और नागरिकों को सुविधा
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए, नगरीय निकायों द्वारा विभिन्न वार्डों और प्रमुख स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जायेगें। निगमायुक्त ने बताया कि इन शिविरों में नागरिक आसानी से अपने करों का आकलन करवा सकते हैं, भुगतान कर सकते हैं और लंबित मामलों का त्वरित निपटारा भी करवा सकते हैं। शिविरों के आयोजन के लिए निगमायुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश प्रदान किये हैं।
कई नगरीय निकायों ने कर दाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए बकाया राशि पर लगने वाले जुर्माने या ब्याज में विशेष छूट देने की घोषणा भी की है। यह छूट नागरिकों को पुराने कर्ज से मुक्त होने का अंतिम मौका प्रदान करेगी।

घर बैठे ऑन लाइन कर सकते हैं करों का भुगतान

नगर निगम के आयुक्त श्री अहिरवार ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएँ और अपने करों का समय पर भुगतान करके अपने शहर के विकास में सीधे भागीदार बनें। करों का समय पर भुगतान न केवल निकाय को सशक्त बनाता है, बल्कि नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक सेवाओं और सुविधाओं का मार्ग भी प्रशस्त करता है। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने यह भी बताया कि ई-नगर पालिका पोर्टल के माध्मय से शहर के करदाता घर बैठे ऑन लाइन अपने समस्त करों का भुगतान कर सकते हैं। इससे उनका कार्यालयों में आने-जाने का समय बचेगा वहीं डीजल-पेट्रोल में होने वाले खर्चे की भी बचत होगी।

बिहार कांग्रेस में संकट गहराया, 7 नेताओं के निष्कासन से बढ़ा बगावत का खतरा

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » जबलपुर » नगर निगम का कर संग्रहण अभियान शुरू 25 दिसम्बर तक मिलेगा करदाताओं को लाभ