
जबलपुर (जयलोक)। बीएसएनएल की सबसे बड़ी टेलीकॉम फैक्ट्री की बिक्री का रास्ता अब साफ हो गया है। रानीताल से लेकर मदन महल स्टेशन रोड तथा रानीताल से गढ़ा रोड पर लगभग 75 एकड़ के बड़े परिसर में बनी टेलीकॉम फैक्ट्री को बेचे जाने की अटकलें लंबे समय से चल रहीं थीं। लेकिन अब केन्द्रीय दूर संचार मंत्रालय ने बीएसएनएल की मप्र के विभिन्न जिलों की 56 संपत्तियों को खरीदने का प्रस्ताव मध्य प्रदेश सरकार को दिया है।

जबलपुर जिले में बीएसएनएल की जिन संपत्तियों को बेचा जा रहा है उनमें बरेला गाँव में स्थित टेलीकॉम प्लाट, शहरीय क्षेत्र में मिलौनीगंज में स्थित टेलीकॉम कंपाउंड, अम्बेडकर नगर में स्थित टेलीकॉम कम्पाउंड, कृषि उपज मंडी कॉलोनी और विजय नगर स्थित प्लॉट, सिविल लाइन में संचार विकास भवन, तथा टेलीकॉम फैक्ट्री का 75 एकड़ का बड़ा परिसर भी शामिल है। बीएसएनएल की जिन संपत्तियों को बेचा जाना है उनकी सूची भी बीएसएनएल ने अपनी वेबसाइड पर लोड भी कर दिया है।

बीएसएनएल की सूची में वे संपत्तियाँ भी शामिल हैं जिन्हें मध्य प्रदेश सरकार किराए पर ले सकती हैं। दूर संचार मंत्रालय के बीएसएनएल की देशभर में स्थित अतिरिक्त अचल संपत्तियों का मुद्रीकरण यानी मॉनिटाइजेशन कर रहा है। सभी संपत्तियाँ व्यवसायिक दर पर दी जाएंगी।

मध्य प्रदेश शासन के सभी विभागों को इसकी सूचना राज्य के विज्ञान एवं प्रोद्योगिक विभाग ने जारी कर दी है। बीएसएनएल की संपत्तियों को मध्य प्रदेश सरकार के सार्वजनिक उपक्रम और स्थानीय निकाय भी ये संपत्तियाँ खरीद सकते हैं। इसका आशय यह है कि नगर निगम और जबलपुर विकास प्राधिकरण भी बीएसएनएल की संपत्तियों को खरीद सकते हैं।
ललिता को मदद की दरकार, माता-पिता की मौत के बाद रिश्तेदारों ने भी छोड़ा साथ
Author: Jai Lok







