
जबलपुर (जय लोक)। नगर निगम में दर्जनों बार पिछले लंबे समय से इस बात की शिकायत पहुँच रही थी कि माढ़ोताल थाने के सामने तिराहे और आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण कार्यों ने सडक़ की दोनों ओर पक्के निर्माण कर दुकान बना ली है जो कि नियम अनुसार नहीं है और इनके कारण रोजाना ही हर थोड़ी देर में यहां जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। इस तिराहे का एक मार्ग पाटन जाता है, दूसरा मार्ग कटंगी की ओर जाता है और तीसरा जबलपुर दीनदयाल चौक की ओर आता है। इन मार्गों पर शैक्षणिक संस्थाएं, अस्पताल, आरटीओ ऑफिस सहित कई महत्वपूर्ण स्थान हंै जहां पर आने-जाने वाले लोगों को जाम के कारण बहुत परेशानी हो रही थी। आज नगर निगम अतिक्रमण विभाग का दस्ता आईएस अपर आयुक्त अरविंद शाह, एएसपी आयुष गुप्ता, एसडीएम पंकज मिश्रा की अगुवाई में यहां पर चिन्हित तकरीबन 60 पक्के अवैध निर्माणों को तोडऩे के लिए पहुँचा। कार्यवाही के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से और उनकी टीम मौजूद थीं। आसपास के लोगों ने इस कार्यवाही का पूरा समर्थन किया। जिन अतिक्रमणकारियों ने सालों से यहां पर कब्जा जमाए रखा था उन्होंने इसका विरोध प्रारंभ किया। अतिक्रमणकारियों के पक्ष में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा मौके पर पहुँचे।

कार्यवाही रुकवाने का दबाव बनाने का प्रयास करते हुए धरने प्रदर्शन के दिखावे का क्रम चला। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यवाही की मंशा स्पष्ट करते हुए बता दिया कि किसी भी प्रकार का पक्का अवैध निर्माण गुमटियां रखने की इजाजत नहीं दी जाएगी। केवल निश्चित साइज के ठेले लगाकर निश्चित स्थान पर व्यापार करने की अनुमति दी जाएगी और वह भी स्थाई तौर पर वहां नहीं रहेंगे। रोजाना शाम को व्यापार करने वालों को अपने ठेले वहां से हटाना होंगे और सुबह वह पुन: निश्चित स्थान पर आकर व्यापार कर सकेंगे। प्रशासन के निर्णय पर सहमति बनी और जो लोग यहां व्यापार कर रहे थे वह इस बात के लिए तैयार हुए। समाचार लिखे जाने तक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही तेज गति से जारी थी प्रशासनिक अमले के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर उपस्थित था। जनता ने सालों पुराने इन अतिक्रमण के कारण होने वाली यातायात की समस्या के समाप्त होने पर प्रसन्नता जाहिर की।

कार्रवाई के दौरान काफी लोगों ने मौके पर पहुँचकर इस कार्रवाई का समर्थन किया जो रोजाना यहां जाम लगने की समस्या से पीडि़त थे अब उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। माढ़ोताल क्षेत्र अंतर्गत आईटीआई के पास आज निगम अमले ने अतिक्रमणों पर कार्रवाही करते हुए राहगीरों और क्षेत्रवासियों को राहत पहुँचाने की कोशिश की है। आईटीआई से माढ़ोताल थाने के बीच स्थित दुकानों में दुकान संचालकों ने मनमाने तरीके से सडक़ पर कब्जा कर अपनी दुकान सजा ली थी। जिससे सीमित सडक़ पर यातायात का दबाव बढ़ रहा था और आएदिन लोगों को यहां जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। लोगों की समस्याओं को देखते हुए नगर निगम के अतिक्रमण दल ने आज यहां कार्रवाही की। इस दौरान निगम अमले को विरोध का सामना भी करना पड़ा लेकिन इससे कार्रवाही पर कोई असर नहीं हुआ।

Author: Jai Lok







