
जबलपुर (जयलोक)। सांसद आशीष दुबे ने जबलपुर में डिफेंस क्लस्टर स्थापित करने की बात तथ्यात्मक रूप से सरकार के समक्ष रखी है। शुक्रवार को लोकसभा में पदेन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी के समक्ष शीतकालीन सत्र में दिए गये उद्बोधन के दौरान सांसद आशीष दुबे ने इस आशय की बात कही। सांसद श्री दुबे ने कहा कि जबलपुर में रक्षा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठान कार्यरत हैं जिनमें व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर, ऑर्डनेंस फैक्ट्री जबलपुर, गन कैरिज फैक्ट्री जबलपुर शामिल हैं, जिस कारण जबलपुर में डिफेंस क्लस्टर बनाया जाना सर्वाधिक उपयुक्त होगा।

उन्होंने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि जबलपुर मध्यप्रदेश का प्रमुख शहर है जिसका समृद्धशाली इतिहास है एवं नगर डिफेंस क्लस्टर स्थापित किये जाने के लिये पूरी तरह अनुकूल है। उन्होंने कहा कि जबलपुर में 5 विश्वविद्यालय भी हैं और पर्यटन की दृष्टि से भी जबलपुर अत्यंत महत्वपूर्ण नगर है। डिफेंस क्लस्टर की स्थापना से जबलपुर में विकास की गति बढऩे के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाशाली युवाओं के लिये रोजगार के अवसर बढ़ेंगे वहीं नगर में हर विधा के पारंगत युवाओं को डिफेंस क्लस्टर के माध्यम से भविष्य की नई दिशा मिल सकेगी।

सांसद श्री दुबे ने बताया कि डिफेंस क्लस्टर स्थापित होने से रक्षा उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में अनुसंधान और विकास को भी गति मिलेगी जिससे उन्नत रक्षा उत्पादों का विकास हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जबलपुर में प्रमुख 3 आयुध संस्थानों के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र के अन्य संस्थान भी कार्यरत हैं और डिफेंस क्लस्टर बनने से जबलपुर में संबंधित उद्योगों का विकास हो सकेगा साथ ही नया निवेश आने से देश के आर्थिक विकास की गति भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि डिफेंस क्लस्टर बनाये जाने से रक्षा क्षेत्र में हम और ज्यादा आत्मनिर्भर हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री के छोड़ने के अगले ही दिन हो गई दस माह के शावक की मौत, कूनो की निगरानी पर उठे सवाल?
Author: Jai Lok







