
डिब्रूगढ़। पीएम नरेंद्र मोदी के असम दौरे का रविवार को दूसरा दिन है। 10 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट की शुरुआत से पहले पीएम मोदी गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी में क्रूज यात्रा कर रहे हैं। इसमें वे राज्य के 25 बच्चों से परीक्षा पे चर्चा भी कर रहे हैं। पीएम करीब 45 मिनट तक छात्रों से बातचीत की। इसके बाद पीएम मोदी डिब्रूगढ़ जिले में 10,600 करोड़ रुपए की लागत वाले ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया यूरिया प्लांट की नींव रखेंगे। इससे पूरे इलाके में किसानों को यूरिया आसानी से मिल सकेगी। पीएम मोदी नामरूप में ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉर्प लिमिटेड के मौजूदा परिसर में नए फर्टिलाइजर यूनिट की आधारशिला रखेंगे। भूमि पूजन के बाद पीएम जनसभा को संबोधित करेंगे। 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के चुनाव अगले साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। ये पिछले चार महीने में उनका दूसरा दौरा है। चुनाव से तीन महीने पहले वे राज्य में कुल 15,600 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने गुवाहाटी में 5000 करोड़ की लागत वाली लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया था। पीएम मोदी परीक्षा पे चर्चा के बाद शहीद स्मारक पहुंचे। जहां 1985 में अवैध प्रवासियों के खिलाफ असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आंदोलन के पहले शहीद खरगेश्वर तालुकदार की प्रतिमा पर माला पहनाई। छह साल तक चले आंदोलन के 860 शहीदों की याद में यहां एक दीया हमेशा जलता रहता है।





