
नई दिल्ली (जयलोक)। पाकिस्तान से आए एक ड्रोन ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले की सीमा के नजदीक गांव में हथियार और गोला बारूद की खेप गिराई। खुफिया जानकारी मिलने पर बीएसएफ और जम्मू पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप की एक जॉइंट टीम ने इस साजिश को बेनकाब कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक टीम ने शुक्रवार रात को राजपुरा इलाके के पालूरा गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया। मौके से एक पैकेट बरामद हुआ, जिसमें एक चीनी एचई ग्रेनेड, 9एमएम कार्टि्रज के 16 राउंड, एक मैगजीन के साथ एक ग्लॉक पिस्टल और दो मैगजीन के साथ एक स्टार पिस्टल बरामद की। पुलिस ने बताया कि आने वाले गणतंत्र दिवस 26 जनवरी समारोह को बाधित करने के लिए आतंकवादियों की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह रिकवरी की गई है। इससे पहले 21 नवंबर को सांबा की घगवाल तहसील में इंटरनेशनल बॉर्डर के पास एक गांव के ऊपर एक पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया था, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने नशीले पदार्थों, हथियारों या दूसरे सामान की एयरड्रॉपिंग के शक में सर्च ऑपरेशन चलाया था।
Author: Jai Lok







