Download Our App

Home » दुनिया » विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत

विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत

विमान में सवार सभी 5 लोग मारे गए, लैंडिंग की दूसरी कोशिश में फिसला, जलकर खाक
महाराष्ट्र में शोक की लहर
बारामती। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया है। आज बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई।
महाराष्ट्र के बारामती से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री और कद्दावर नेता अजीत पवार का बुधवार सुबह उनके गृह क्षेत्र बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार पायलट समेत सभी लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब अजीत पवार अपने सहयोगियों के साथ मुंबई से बारामती पहुंच रहे थे। जानकारी के अनुसार, चार्टर विमान ने सुबह 8 से 9 बजे के बीच मुंबई से उड़ान भरी थी। बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त विमान अचानक अपना नियंत्रण खो बैठा और क्रैश हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि गिरते ही विमान आग का गोला बन गया और आसमान में धुएं के ऊंचे गुब्बारे दिखाई देने लगे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआत में यह जानकारी आई थी कि अजीत पवार गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें तत्काल बारामती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके उपचार में जुटी थी। हालांकि, कुछ ही समय बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस खबर ने पूरे राज्य और राजनीतिक गलियारों को स्तब्ध कर दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बारामती में उस समय मौसम खराब था या विमान में कोई तकनीकी खराबी आई थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। शुरुआती रिपोर्टों में भारी बारिश को भी हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है। अजीत पवार बारामती से ही विधायक थे और यह पूरा क्षेत्र पवार परिवार का गढ़ माना जाता है। वह आज बारामती में जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में आयोजित कई जनसभाओं और कार्यक्रमों में शिरकत करने वाले थे।
राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा अंतिम संस्कार
तीन दिन का राजकीय शोक
महाराष्ट्र सामान्य प्रशासन विभाग (प्रोटोकॉल) ने बताया है कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। तीन दिन के शोक की अवधि के दौरान महाराष्ट्र की सभी इमारतों पर जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, उसे आधा झुका दिया जाएगा। इस अवधि के दौरान कोई भी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। महाराष्ट्र भर में सभी राज्य सरकार के कार्यालय बुधवार (28 जनवरी) को बंद रहेंगे।
बारामती के अस्पताल पहुंचे शरद पवार
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार बारामती के पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां अजित पवार सहित सभी पांच मृतकों के पार्थिव शरीर रखे गए हैं। इस दौरान अस्पताल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद है।
एएआईबी क्रैश की जाँच के लिए बारामती रवाना
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ) क्रैश लैंडिंग की जांच करने और छानबीन शुरू करने के लिए दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो गया है। आज सुबह 8.45 पर मुंबई-बारामती चार्टर प्लेन बारामती में लैंडिंग से पहले हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत 5 लोगों की जान चली गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र के बारामती में एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अजित पवार जी का असामयिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। मैं उनके परिवार, समर्थकों एवं प्रशंसकों के प्रति गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। ईश्वर इस दुर्घटना में मारे गए अन्य सभी लोगों के परिवारों को भी इस आघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
एकनाथ शिंदे ने जताई गहरी संवेदना
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अजित पवार के निधन पर कहा, आज महाराष्ट्र के लिए काला दिन है। ऐसी घटना महाराष्ट्र में घटी है, जो हर एक व्यक्ति के दिल को दुखाने वाली है। हम दोनों उपमुख्यमंत्री के रूप में मिलकर काम कर रहे थे और महाराष्ट्र को आगे बढ़ा रहे थे। समय को बहुत ही महत्व देने वाले, कर्मठ नेता, समयसूचकता रखने वाले नेता हमारे बीच नहीं रहे। ये हमारे, महाराष्ट्र और उनके परिवार के लिए बड़ी क्षति है।

 

चलित न्यायालय का शुभारंभ

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » दुनिया » विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत