
जबलपुर (जयलोक)। देश के सीमावर्ती राज्य असम में आगामी अप्रैल माह में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने असम के चुनाव के लिए मध्य प्रदेश के तीन सांसदों और लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को असम में चुनाव प्रबंधन समिति के तहत चुनाव प्रबंधन और रणनीति का दायित्व सौंपा है। श्री राकेश सिंह असम में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक मजबूती, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियानों की निगरानी करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह पूर्व में मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और लोकसभा में चीफ व्हिप की भूमिका निभा चुके हैं। उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव का उपयोग अब भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने असम विधानसभा चुनाव के लिए करने का निर्णय लिया है। असम के चुनौती पूर्ण क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए राकेश सिंह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राकेश सिंह असम में अपने दौरे का एक दौर भी पूरा कर चुके हैं।

विनोद गोंटिया बने असम चुनाव में भाजपा मध्यप्रदेश दल के प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पर्यटन निगम के पूर्व अध्यक्ष विनोद गोंटिया को असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से मध्यप्रदेश चुनाव दल का प्रभारी बनाया गया है। श्री गोंटिया भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा घोषित चुनाव प्रचार दल के प्रभारी के रूप में असम चुनाव में जाने वाले मंत्री, सांसद, विधायकों एवं पूर्व जिलाध्यक्षों के प्रवास की व्यवस्था संभालेंगे। विनोद गोटियां ने बताया है कि असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं और भारतीय जनता पार्टी इस बार सौ से अधिक सीटें जीतने की तैयारी में हैं। मप्र के कार्यकर्ता भी इस विजय अभियान में महत्वर्पूण भूमिका निभाएंगे। मप्र का बूथ प्रबंधन मॉडल असम में भी लागू किया जाएगा।

उषा भार्गव कांड में डॉ. व्ही.व्ही. श्रीवास्तव की गवाही मंंडला में दर्ज कराई गई थी
Author: Jai Lok







