
जबलपुर (जयलोक)। बरगी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सैकड़ों युवतियों को अपने जाल में फंसाता था और उनकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे और शारीरिक संबंध की मांग करता था।

मामला बरगी थाना क्षेत्र का है, चौकी प्रभारी सरिता पटेल ने बताया कि 11 मार्च को एक युवती ने थाना बरगी में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि साहिल विश्वकर्मा नाम का युवक उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर कई युवतियों को ब्लैकमेल करता था और वारदात के बाद नागपुर में छिपा हुआ था। बरगी पुलिस की टीम नागपुर पहुंची और आरोपी साहिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह सैकड़ों युवतियों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।


कांग्रेस विधायकों को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग के लिए 5-5 करोड़ का ऑफर
Author: Jai Lok






