
जबलपुर (जय लोक)। जिले में चाकूबाजी की वारदातों को रोकना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित होता है। इस चुनौती को स्वीकार करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने ऐसे आदतन चाक़ूबाजों की सूची तैयार करवाई है, जो आये दिन चाकूबाजी की वारदातों को अंजाम देते हैं। नए चाक़ूबाजों की सूची तैयार करवाई गई, जिनके ऊपर पुलिस लगातार नजर रखने का काम कर रही है।
आदतन चाक़ूबाजों पर एनएसए जैसी सख्त कार्यवाही कर अन्य अपराधियों के समक्ष भी एक उदाहरण पेश किया गया है। इसके साथ ही इनामी अपराधियों के पकड़े जाने का सिलसिला भी विशेष टीमों के द्वारा लगातार जारी है। इसमें डेढ़ लाख का इनामी अमित खम्परिया, 23 हजार का इनामी रामकांत सतनामी आदि भी शामिल है। इसके अलावा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 58 मामलों में इनाम घोषित कर किया गया है। इस साल जनवरी माह से पारिवारिक रंजिश, प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद के कारण दो महीने में आठ अंधी हत्या हुईं हैं। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने हर एक मामले में वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया जिसका परिणाम यह हुआ की हर अंधी हत्या की गुत्थी सुलझी और आरोपियों को जेल भेजने में सफलता मिली। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 1 जनवरी से 28 फरवरी के बीच हत्या के 15 मामले सामने आए थे, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि में 14 हत्या के मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में से 8 अंधी हत्याओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

154 बदमाशों का जिला बदर
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सन्देश देते हुए इस वर्ष अब तक 154 बदमाशों को जिला बदर किया जा चुका है। इससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। वहीं गंभीर अपराधों में संलिप्त पाए गए आठ आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई कर उन्हें कानूनी गिरफ्त में लिया गया है।

इनका कहना है
चाकूबाजी की घटनों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाहियां की जा रहीं हैं, जो आगे भी जारी रहेंगी। कॉम्बिंग गश्त और चेकिंग के माध्यम से भी लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला कर कार्यवाही की जा रही है। विगत दिनों आपसी रंजिश ,प्रेम प्रसंग आदि कारणों से हुई हत्या के प्रकरणों में समय सीमा में जाँच कर आरोपी को पकड़ा गया और जेल भेजा गया है ।
-संपत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक

कांग्रेस विधायकों को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग के लिए 5-5 करोड़ का ऑफर
Author: Jai Lok






