
जबलपुर (जय लोक)। हाईवे से निकलने वाले वाहनों से अवैध वसूली करना आरटीओ की एक अधिकारी को महंगा पड़ गया। शिकायत के बाद आज लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाही करते हुए दो लोगों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाँथों पकड़ा है।

इस संबंध में आवेदक प्रशान्त दत्तात्रेय जाधव जीवनसागर सीएचएसडी नवी ने लोकायुक्त में शिकायत की थी कि उसकी 10 गाडिय़ाँ बरगी होते हुए सामान को उत्तरप्रदेश या अन्य राज्यों में ले जाती हैं आज गाड़ी नं. डीडी 01 पी 09764 नागपुर जबलपुर हाईवे से निकल रही थी तभी बरगी के पास आरटीओ की आरक्षक श्वेता अहिरवार और उनके साथी मोहित साहू ने गाड़ी निकलवाने के लिए उपरोक्त वाहन के मालिक से 4500 रुपए की मांग की।

शिकायत सत्यापन उपरांत आरक्षक श्वेता अहिरवार और उसके साथी मोहित साहू को वाहन चालक से 4500 रुपए रिश्वत लेते हुए नागपुर जबलपुर हाईवे बरगी के पास रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपीयों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) के अंतर्गत कार्यवाही की गई। कार्रवाही के दौरान लोकायुक्त टीम से निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक सुश्री शशि मर्सकोले, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक जीतेंद्र यादव उपस्थित रहे।

Author: Jai Lok






