
जबलपुर (जयलोक)
शहर में हत्याओं की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शहर में जनवरी से लेकर अब तक कई हत्याओं की वारदातें घटित हो चुकी हैं। इसी कड़ी में कल देर रात दो हत्या की घटनाएं सामने आईं। जिसमें एक मामले में पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। तो वहीं बरेला में एक बेटा अपने पिता के लिए काल बन गया। यहां सौतेली माँ से विवाद करने पर बेटे ने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। एक ही रात में हुई दो हत्याओं ने पुलिस को परेशान कर दिया।

हत्या करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
हनुमानताल थाना अंतर्गत देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने तीन हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक शादी समारोह से वापस लौटा था। वह बारातों में घोड़ी लगाने का काम करता था। कल रात को जब वह घोड़ी को बाँधकर अपने घर जा रहा था तभी आधा दर्जन बदमाशों ने उसे घेर लिया और मारपीट करते हुए चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। मामला कब्रिस्तान के गेट नम्बर तीन का है। देर रात यहां मोहम्मद साहिल नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि साहिल शादी-बरातों में घोड़ा लगाने का काम करता था। कल देर रात एक शादी समारोह से काम खत्म कर घोड़े को तबेले में बांधने के बाद अपने घर जा रहा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन बदमाशों ने उसे घेर लिया और शादी समारोह में हुए विवाद को लेकर गाली गलौच करते हुए मारपीट की। इसी दौरान बदमाशों ने उसे चाकू मारकर लहुलुहान कर दिया। चाकू के हमले से घायल साहिल सडक़ पर गिरकर बुरी तरह तड़पने लगा। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लोगों की भीड़ लग गई। साहिल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया यहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही हनुमानताल थाने की पुलिस पहुँची जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से हत्यारों के बारे में जानकारी हासिल की। जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।

हत्यारों ने गुनाह कबूला
पुलिस ने वारदात के कुछ घंटे बाद ही तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है जिन्होंने हत्या करना कबूल कर लिया है। वहीं उनके अन्य साथियों की पुलिस तलाश कर रही है। हत्यारों ने पुलिस को बताया कि शादी समारोह के दौरान उनका साहिल से विवाद हुआ था। साहिल ने हत्यारों से कहा था कि घोड़ी से दूर हट जाएं। लेकिन आरोपियों को लगा कि साहिल ने उन्हें गाली दी है। जिससे वे नाराज हो गए और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।

सौतेली माँ को गाली देने पर बेटे ने की पिता की हत्या
बरेला में घरेलू विवाद के बीच एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में बरेला थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात जिला अस्पताल विक्टोरिया में एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर पुलिस पहुँची थी। वहां मौजूद 40 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि मृतक की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह उसे पत्नी बनाकर अपने साथ रख रहा था। महिला के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे उसका पति शराब के नशे में घरेलू बातों को लेकर उससे झगड़ा और गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान मृतक की पहली पत्नी के 16 वर्षीय बेटे ने अपने पिता को गाली देने से मना किया। बताया गया कि इस बात पर नाराज होकर पिता ने किशोर को धक्का दे दिया जिस पर नाराज किशोर ने गुस्से में आकर घर में रखे चाकू से अपने पिता के सीने पर वार कर दिया। लहुलुहान अवस्था में घायल को परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इनका कहना है
मामूली सी बात को लेकर घोड़ी वाले की हत्या की गई है। जिसमें तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है।
सुभाषचंद्र बघेल
हनुमानताल थाना प्रभारी
1 अप्रैल से महँगा होगा का सफर, भोपाल समेत कई रूट्स पर टोल राशि में बढ़ोतरी होगी
Author: Jai Lok






