
शहर के विद्यार्थियों ने बनाई प्रदेश की प्रावीण्य सूची में जगह
जबलपुर (जय लोक)। आज मध्य प्रदेश शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित हो गए हैं। बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी और लडक़ों के मुकाबले आगे रहीं। वहीं शहर के छात्रों ने प्रदेश की मैरिट सूची में स्थाना बनाया है। जिले के कुल आठ छात्र-छात्राओं ने विभिन्न संकायों में अपनी जगह बनाकर नगर का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद छात्रों के चेहरों पर उत्साह और खुशी दिखाई दे रहा है।

हायर सेकेंडरी में 5 विद्यार्थियों ने बनाई मैरिट में जगह
12वीं की परीक्षा में अलग-अलग संकायों से पांच विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया है। कला समूह में अल्फिया अंजुम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया है। विज्ञान गणित समूह की बात करें तो सिहोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा पूर्वी गोलहानी ने अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया है। इन विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम के माध्यम से यह सफलता अर्जित की है।

वाणिज्य और जीव विज्ञान संकाय में सफलता
वाणिज्य और जीव विज्ञान संकाय में भी जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। वाणिज्य समूह में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की छात्रा कुमारी अनम अंसारी ने प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया है। जीव विज्ञान समूह में इसी विद्यालय का दबदबा देखने को मिला है। इसी स्कूल की छात्रा कुमारी कृति पांडे ने जीव विज्ञान समूह में राज्य स्तर पर 8वां स्थान पाया है, जबकि इसी स्कूल के छात्र ओम चौक से ने जीव विज्ञान में ही प्रदेश की सूची में 10वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

हाई स्कूल में तीन छात्राएँ मैरिट सूची में
हायर सेकेंडरी की तरह हाई स्कूल परिक्षा परिणाम में भी शहर की छात्राओं ने नाम रोशन किया है। 10वीं के परिणामों में भी जबलपुर के तीन छात्र प्रदेश की टॉप सूची में शामिल हुए हैं। पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की छात्रा कुमारी श्रेया जैन ने शानदार अंकों के साथ प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। वहीं शासकीय रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ा की छात्रा कुमारी शुभी सैनी ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य की मेरिट सूची में छठवां स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही ब्रह्म ऋषि नर्मदा विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र अभिषेक मिश्रा ने भी सफलता का परचम लहराते हुए प्रदेश में 7वां स्थान पाया है।
Author: Jai Lok







