
जबलपुर (जयलोक)
पुलिस के लिए सिरदर्द बने शातिर अपराधी हत्यारे छोटू चौबे को आखिरकार पुलिस ने तीन माह बाद कल टीकमगढ़ से गिरफ्तार कर ही लिया। छोटू शहर का शातिर अपराधी है जिसने शहर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट सहित अन्य कई वारदातों को अंजाम दिया। दूसरे शातिर बदमाश अनिराज नायडू की हत्या के बाद से ही छोटू फरार चल रहा था। पुलिस को छोटू चौबे के टीकमगढ़ में होने की सूचना मिली। जिसके बाद शहर की पुलिस ने टीकमगढ़ पुलिस के साथ मिलकर छोटू चौबे को पकडऩे की योजना बनाई। दोनों जिलों की टीमों ने मिलकर देर रात छोटू को गिरफ्तार कर लिया और आज सुबह उसे लेकर पुलिस की टीम शहर वापस आ गई। आज शाम तक पुलिस छोटू चौबे की गिरफ्तारी की घोषणा भी कर देगी।
जबलपुर और टीकमगढ़ की एमपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के चलते हत्या के मामले में फरार कुख्यात गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे को टीकमगढ़ के जतारा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस फरार आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया हुआ था। गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे ने शहर में दिसंबर में अनिराज की हत्या कर फरार हो गया था। दरअसल, छोटू चौबे को जतारा के खरगुपुरा तिगैला से पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। छोटे चौबे को पकडऩे के बाद टीकमगढ़ जिले में बड़े गैंगस्टरों की इंट्री होने की खबरे आने लगी है। छोटू चौबे के जतारा से पकड़ाने के बाद यही सवाल उठता है कि आखिर जतारा में उसके तार किससे जुड़े थे।
गैंगस्टर की हत्या के मामले में था फरार – छोटू चौबे एक कुख्यात अपराधी है जो खुद गैंग ऑपरेट करता है। 1 दिसंबर 2023 को इसने अपने चार लोगों के साथ जबलपुर के दूसरे गैंगस्टर अनिराज नायडू उर्फ अन्ना की हत्या कर दी थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था जबकि छोटू चौबे और इसका एक साथी आदिल खान फरार चल रहे थे।
पुलिस ने घोषित किया था इनाम – हत्या के आरोप में फरार चल रहे गैंगस्टर पर जबलपुर पुलिस ने दस हजार का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार की रात्रि जबलपुर की पुलिस और टीकमगढ़ जिले की जतारा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस आरोपी को खरगुपुरा तिगैला से गिरफ्तार किया है।
बर्चस्व की लड़ाई में अनिराज का कत्ल – कुख्यात बदमाश अनिराज नायडू उर्फ अन्ना की हत्या छोटू चौबे गैंग ने की थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी कामरान अली व अनुश्रेय राय को जनवरी माह में गिरफ्तार किया था। जिन्होंने बताया कि छोटू चौबे व अनिराज के बीच वर्चस्व को लेकर रंजिश चल रही थी, जिसके कारण छोटू चौबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर अनिराज की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को ग्रीन सिटी कठौंदा कम्पोस्ट प्लांट के पास तालाब के किनारे पानी में फेंक दी थी। पुलिस का कहना है कि अनिराज नायडू उर्फ अन्ना पहले छोटू उर्फ सुयश चौबे गैंग का सदस्य रहा। अनिराज नायडू की गैंग के सभी सदस्यों के साथ दोस्ती रही, लेकिन अनिराज अलग गैंग बनाने में जुट गया, जिसके कारण वह छोटू चौबे के विरोधियों से मिलने जुलने लगा था। छोटू चौबे को जब इस बात की भनक लगी तो उसने अनिराज की हत्या करने की ठान ली। छोटू ने मोहम्मद आदिल, अनुश्रेय राय व कामरान अली के साथ मिलकर अनिराज की हत्या करने की साजिश रची। कामरान अली को 16 नवम्बर 2023 को छोटू चौबे के साथ फ्लाइट से मुम्बई से जबलपुर आ गया। यहां पर मोहम्मद आदिल से मुलाकात की। योजना के तहत तीनों ने अपने एक साथी अनुश्रेय राय के घर पर अनिराज के साथ सुबह शराब पी और रात को यही पर खाना खाकर सो गए। देर रात दो बजे के लगभग छोटू चौबे ने वाट्सएप पर अनुश्रेय से चर्चा कर अनिराज की लोकेशन बताई। इसके बाद ही छोटू चौबे व मोहम्मद आदिल संजीवनी नगर स्थित अनुश्रेय के घर पहुंच गए. जहां पर सो रहे अनिराज नायडू की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद अनिराज की लाश को चारों ने काले रंग की स्कार्पियों में रखा और कठौंदा प्लांट के समीप तालाब में फेंक दिया।
इनका कहना है
अनिराज के हत्यारे छोटू चौबे को टीकमगढ़ पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को आज सुबह ही शहर लाया गया है। आरोपी से टीकमगढ़ में उसके साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
समर वर्मा, एएसपी

Author: Jai Lok







