
नर्मद एवेन्यू अपार्टमेंट के रहवासियों की उड़ी नींद
जबलपुर (जय लोक)। गोरखपुर थाना अंतर्गत नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट में नशे में धुत एक दर्जन लोगों ने शराब के नशे में जमकर हंगामा मचाया। इतना हीं नहीं शराबियों ने बिल्डिंग में तोडफ़ोड़ करते हुए सुरक्षा गार्ड से मारपीट भी की। शराबियों की यह करतूत बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। परेशान रहवासियों ने सबूत के साथ एसपी ऑफिस में इसकी शिकायत की है। इस घटना के बाद से पूरे परिसर में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट के रहवासियों के अनुसार विगत रात करीब 11:10 बजे शैवाल नायक उर्फ बमबम और आशीष कुमार दास अपने अन्य साथियों के साथ परिसर में दाखिल हुए। इन लोगों ने वहां तैनात सुरक्षाकर्मी संजय झारिया के साथ मारपीट की। बदमाशों ने महिलाओं और बच्चों के सामने ही सुरक्षाकर्मी को अपमानित किया और पूरे परिसर में घूम-घूम कर लोगों को डराने का प्रयास किया।

बदमाशों द्वारा की गई इस गुंडागर्दी की पूरी वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी स्पष्ट रूप से गाली-गलौज और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। रहवासियों ने साक्ष्य के तौर पर यह फुटेज पुलिस को भी उपलब्ध करा दिया है। इसके बावजूद अब तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

राजनैतिक सपोर्ट से बच रहे आरोपी
रहवासियों का आरोप है कि हमलावरों के राजनीतिक संबंध मजबूत होने के कारण प्रशासन उन पर कार्रवाही करने से बच रहा है। उनका कहना है कि कई बार पुलिस से आरोपियों के बारे में शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। अपार्टमेंट के परिवारों ने तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने की माँग की है।
स्थानीय निवासियों ने 15 जनवरी से लेकर 10 अप्रैल तक पुलिस अधीक्षक और नगर निगम के पास कई लिखित शिकायतें भेजी हैं, परंतु हर बार कार्रवाई अधूरी ही रही। सुरक्षाकर्मी संजय झारिया ने अनुसूचित जाति से होने के कारण अजाक थाने में भी मामले की शिकायत दर्ज कराई है। गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के खुलेआम घूमने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर संदेह जताया जा रहा है।
Author: Jai Lok







