
जबलपुर (जयलोक)। आज दोपहर डेढ़ बजे से दो बजे के बीच गौर चौकी के अंतर्गत आने वाले नर्मदा नदी के जमतराघाट पर रेत चोरी पकडऩे के उद्देश्य से पहुँची पुलिस को देखकर बोरियों में भरकर मोटर साइकिल से रेत निकासी करने वाला एक युवक घबराकर भागा और नदी में कूद गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर हो-हल्ला मचा और कुछ देर बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।

मृतक 27 वर्षीय मानक बर्मन पिता शंकर बर्मन है जो कि ग्राम जमतरा का ही रहने वाला था। घटना के बाद बड़ी संख्या में गाँव वाले मौके पर एकत्रित हो गए और युवक की मौत पर गम का माहौल आक्रोश के माहौल में निर्मित हो गया। समाचार लिखे जाने तक काफी देर तक ग्रामीणों और पुलिस वालों के बीच नोंकझोंक चलती रही। मौके पर गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे दलबल के साथ उपस्थित थे।

जमतराघाट और खिरहनी घाट से छोटे पैमानें पर बोरियों के माध्यम से माँ नर्मदा नदी से रेत निकालकर मोटर साइकिलों के माध्यम से सप्लाई करने का कार्य किया जाता है। इसी कार्य में मानक बर्मन भी अन्य युवकों के साथ यह कार्य कर रहा था। आज पुलिस ने जब दबिश दी तो घबराहट में युवक वाहन छोडक़र नदी में कूद गया जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। समाचार लिखे जाने तक मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था और ग्रामीण भी एकत्रित हो गए थे।

Author: Jai Lok






