
मदिरा प्रेमी अब मोबाईल पर देख सकेंगे सही दाम
जबलपुर (जय लोक)। शासन द्वारा शराब बिक्री की तय कीमतों से भी ज्यादा मनमानी कीमतों पर शराब ठेकेदार शराब बेचते आ रहे हैं और अवैध रूप से कमाई भी कर रहे हैं। लेकिन अब शराब ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगाने के कदम शासन के आबकारी विभाग ने उठाए हैं।
आबकारी विभाग द्वारा बनाए गए नियमों के तहत अब शराब खरीदने के पहले ग्राहक मोबाईल से शराब की वास्तविक कीमत पता कर सकेंगे। इसके लिए आबकारी विभाग ने सभी शराब दुकानों के लिए क्यूआर कोड अनिवार्य किया है। वहीं ऐसा नहीं करने पर शराब दुकान का लायसेंस भी निरस्त हो सकता है।

इस कदम के बाद मदिरा प्रेमियों को काफी राहत मिल सकेगी। वहीं शराब के मनमाने दामों पर भी लगाम लगेगी।अब प्रदेश की सभी शराब दुकानों पर ई-आबकारी पोर्टल से जनरेट किया गया क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य होगा। इसे स्कैन करते ही ग्राहकों के मोबाइल पर संबंधित जिले की शराब की अधिकृत रेट लिस्ट खुल जाएगी।

आबकारी विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दुकानों पर शराब एमआरपी से ज्यादा कीमत पर बेची जा रही है, जबकि कुछ जगह न्यूनतम निर्धारित मूल्य (एमएसपी) से कम दर पर बिक्री की जा रही थी। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है।


शहर में आ चुकी हैं कई बार शिकायतें
मनमाने दामों पर शराब विक्रय किए जाने की शिकायतें शहर में कई बार सामने आ चुकी हैं। ऐसी शिकायतों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाही करते हुए जुर्माना और कुछ दिनों के लिए शराब दुकान का लायसेंस भी निरस्त किया। लेकिन इसके बाद भी शराब कारोबारी सिंडीकेट बनाकर शराब को मनमाने दामों पर विक्रय कर रहे थे।
लेकिन अब आबकारी विभाग ने इस लूट को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाया है। अब देखना यह है कि यह कदम कितना कारगर साबित होता है।
शराब दुकानों के बाहर नहीं चस्पा किए रेट
शहर की शराब दुकानों में आबकारी विभगा द्वारा जारी किए गए नवीनतम निर्देशों के बाद भी अब तक कहीं भी शराब दुकानों में शराब की लिस्ट और दाम को चस्पा नहीं किया गया है। साथ ही मनमाने दामों पर शराब के दाम ठेकेदार तय कर रहेे हैं।
ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं जिसमें शराब दुकान के कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच विवाद हो चुके हैं। लेकिन अब इस नई व्यवस्था से शराब के दामों को लेकर हो रहे विवाद में भी विराम लग सकेगा।
Author: Jai Lok






