
जबलपुर (जय लोक)। कांचघर की एक दुष्कर्म पीडि़ता महिला द्वारा भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता जीएस ठाकुर पर आरोपी का साथ देने और दबाव बनाने के आरोपों के बाद लगातार मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पहले तो जीएस ठाकुर ने इसे राजनैतिक रंजिश बताते हुए महिला द्वारा कांचघर के एक बदमाश साईं पिल्ले के कहने पर उन पर झूठे आरोपों में फंसाने का आरोप लगाया। जिसके बाद साईं पिल्ले ने भी पत्रकारवार्ता में अपनी सफाई दी। मामला यहीं ठंडा नहीं हुआ।

अब जीएस ठाकुर के समर्थन में राजपूत समाज के लोग उतर आए हैं, उन्होंने एसपी कार्यालय पहुँचकर ज्ञापन सौंपा और इसे राजनैतिक चाल बताते हुए महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाही की माँग की। राजपूत समाज के लोगों का कहना है कि महिला द्वारा अधिवक्ता जीएस ठाकुर को राजनैतिक साजिश के तहत झूठे आरोप में फंसाया जा रहा है। जबकि श्री ठाकुर अपने पक्षकार का पक्ष रख रहे हैं।

लेकिन इस मामले में दबाव बनाने के लिए महिला और कुछ अपराधिक तत्वों द्वारा झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। जिससे अधिवक्ता जीएस ठाकुर की छवि खराब हो रही है। राजपूत समाज के लोगों का कहना है कि न्यायालय की प्रक्रिया में दोनों पक्षों को सुना जाता है लेकिन कानूनी लड़ाई को व्यक्तिगत हमलों में बदलना निंदनीय है। ज्ञापन में जाँच कर आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाही करने की माँग की गई है।


Author: Jai Lok






