
राष्ट्र प्रेमियों के साथ जबलपुर को मिली बड़ी सौगात, पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा -महापौर
मंत्री राकेश सिंह की उपस्थित में देशभक्ति धुनों के बीच हुआ लोकार्पण
जबलपुर (जयलोक)। संस्कारधानी के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि शहर के त्रिपुरा वार्ड के अंतर्गत तिलवारा क्षेत्र में राष्ट्र प्रेम और देशभक्ति का प्रतीक हमारे मध्य प्रदेश का सबसे ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज 84 लाख की लागत से स्थापित और लोकार्पित हो गया है। इस कार्य का संकल्प महापौर बनने के बाद जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया था और आज प्रदेश के सबसे उँचे तिरंगे की स्थापना के साथ महापौर अन्नू का एक संकल्प पूरा हुआ। मध्य प्रदेश लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इसकी स्थापना और लोकार्पण किया। अतिथियों ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेमियों के साथ-साथ जबलपुर के लिए भी बड़ी सौगात है। देश भक्ति के लिए तिरंगे से अच्छी कोई दूसरी तस्वीर नहीं हो सकती है। आज हर देशभक्त जबलपुर को मिली इस उपलब्धि पर गौरवान्वित है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ के द्वारा स्थापित मध्यप्रदेश के सबसे ऊँचे 75 मीटर का राष्ट्र ध्वज का लोकार्पण किया गया जो संस्कारधानी ही नहीं देश प्रदेश के लिए बड़े ही गौरव की बात है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ की सोच देश भक्ति और राष्ट्र भक्ति की है और शहर को विकसित बनाने की भी है। इसके लिए महापौर सतत् रूप से अपनी सोच के साथ-साथ शहर को निरंतर कोई न कोई सौगात देने के लिए कार्य करते रहते हैं। आज इस बड़ी उपलब्धि के लिए मंत्री श्री सिंह ने महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ को पूरे संस्कारधानी के नागरिकों की ओर से शुभकामनाएं दीं और इसी तरह लोक हित में देश हित में कार्य करने की प्रेरणा दी। महापौर ने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से यह कार्य संस्कारधानी के लिए ऐतिहासिक है। प्रदेश के सबसे ऊँचे राष्ट्रध्वज लोकार्पण के मौके पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के सबसे ऊँचे राष्ट्रध्वज का लोकार्पण कर मेरे जीवन का बड़ा सपना एवं संकल्प पूरा हुआ है। महापौर अन्नू ने बताया कि लगभग 84 लाख रूपये की लागत से प्रदेश का सबसे ऊँचे राष्ट्रध्वज का निर्माण कराया गया, जो जबलपुर के साथ-साथ देश प्रदेश के नागरिकों के लिए बड़े गौरव की बात है। मध्यप्रदेश का सबसे ऊँचा 248.52 फीट का राष्ट्रीय ध्वज जबलपुर शहर के तिलवारा घाट स्थित गांधी स्मारक में स्थापित किया गया हैं। जिससे जबलपुर शहर भारत में स्थापित सबसे ऊँचे ध्वजों की श्रेणी में 6वें एवं मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान पर सम्मिलित हुआ है। जिसकी कुल लागत राशि रू. 84 लाख हैं। उन्होंने बताया कि भारत के सबसे ऊँचा झंडा पंजाब के अटारी बाघा बाडर में 418 फीट, कर्नाटका बेलगावी में 361 मीटर, महाराष्ट्र के पुणे में 360 मीटर, झारखंड राँची में 293 मीटर, हरियाणा के फरीदाबाद में 250 मीटर एवं मध्यप्रदेश के जबलपुर में 248 मीटर है। महापौर अन्नू ने शहर के लिए दो-दो बड़ी सौगातें डुमना विमानतल और प्रदेश के सबसे ऊँचे राष्ट्र ध्वज के लोकार्पण के अवसर पर मंत्री राकेश सिंह को शुभकामनायें दी। समारोह के दौरान पनागर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील तिवारी इन्दू, नगर निगम के अध्यक्ष रिकुं विज, वार्ड पार्षद सुनील पुरी गोस्वामी, वरिष्ठ पार्षद महेश राजपूत, अभय सिंह ठाकुर, सोनू बचवानी, रचित दीक्षित आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की समाप्ति पर आभार प्रदर्शन लोकनिर्माण विभाग के प्रभारी एम.आई.सी. सदस्य विवेक राम सोनकर, और संचालन प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय ने किया।

Author: Jai Lok







