
अभी हमने कोई फैसला नहीं लिया-ईरान
तेल अवीव/वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आज शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है। एक वर्चुअल रैली में ट्रम्प ने अपने समर्थकों से यह बात कही। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा।
ईरान ने ट्रम्प के इस दावे को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि शांति समझौते पर अभी कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया है। इससे पहले ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था कि सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने नई डील को मंजूरी कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ शांति समझौते पर इसी सप्ताह यूरोप में साइन हो सकता है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी इसमें शामिल होंगे।

अमेरिका के 4 विमान शांति समझौते के लिए यूरोप पहुंचे
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते पर हस्ताक्षर की तैयारी के लिए अमेरिकी वायुसेना के 4 विमान यूरोप भेजे गए हैं। जानकारी अनुसार इन विमानों में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के लिए जरूरी उपकरण और लॉजिस्टिक सामग्री भेजी गई है। समझौते पर अमेरिका की ओर से वेंस हस्ताक्षर कर सकते हैं। अमेरिकी सेना ईरान पर नए हमले शुरू करने से करीब 3 घंटे दूर थी, तभी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कार्रवाई रोकने का आदेश दे दिया। जानकारी अनुसार, हमले के लिए अमेरिकी सेना लक्ष्य तय कर चुकी थी। अमेरिकी नौसेना ने भी ऑपरेशन की तैयारी पूरी कर ली थी और हथियार तैनात कर दिए गए थे।

शांति समझौते में लेबनान से इजराइल की वापसी की शर्त
लेबनाना के एक प्रचलित अखबार के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित समझौते में इजराइल को लेबनान में अपनी सैन्य कार्रवाई पूरी तरह रोकनी होगी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि समझौते के तहत इजराइल को दक्षिणी लेबनान में कब्जा किए गए सभी इलाकों से पीछे हटना होगा और वहां तैनात सैनिकों को तेजी से वापस भी आना होगा। इसके अलावा लेबनान में सभी हवाई और सैन्य हमले बंद करने की शर्त भी बताई गई है। हालांकि, इस कथित समझौते की शर्तों की अमेरिका, इजराइल या ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


मिस्र ने अमेरिका और ईरान से शांति समझौते की अपील की
मिस्र ने अमेरिका और ईरान से जारी बातचीत को आगे बढ़ाकर लंबित मुद्दों का समाधान निकालने और युद्ध खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है। मिस्र के विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि अमेरिका का ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला रद्द करने की घोषणा का स्वागत किया है। मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष मौजूदा अवसर का फायदा उठाकर सभी विवादित मुद्दों पर अंतिम समझौते तक पहुंचेंगे और क्षेत्र में स्थिरता का नया दौर शुरू होगा। बयान में कहा गया कि मिस्र क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर तनाव कम करने के लिए लगातार गंभीर और ईमानदार प्रयास कर रहा है।
Author: Jai Lok






